CRIME

‘बिजली जांच’ के नाम पर घर में घुसकर महिला से छेड़खानी, मारपीट का आरोप

कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र की घटना, पीड़िता ने जेई समेत 9 लोगों को किया नामजद; महिला थाना में दी शिकायत, जांच शुरू

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बिहार के बक्सर जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां ‘बिजली जांच’ के नाम पर कुछ लोगों द्वारा घर में घुसकर एक महिला के साथ छेड़खानी और मारपीट करने का आरोप लगा है। पीड़िता ने इस मामले में महिला थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।

 

पीड़िता के अनुसार, घटना 22 अप्रैल की सुबह करीब 10 बजे की है। उस समय वह अपने घर में परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मौजूद थीं। तभी अचानक 7-8 लोग उनके घर में घुस आए और खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताते हुए मीटर जांच की बात करने लगे। जब महिला ने उनसे पहचान पत्र दिखाने को कहा, तो वे लोग आक्रामक हो गए। आरोप है कि उन लोगों ने महिला को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया, जिससे उनके कपड़े अस्त-व्यस्त हो गए। इसी दौरान कुछ आरोपियों ने उनके साथ छेड़खानी करने की कोशिश की। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई।

 

शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद माहौल और तनावपूर्ण हो गया। दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। पीड़िता ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि कुछ आरोपियों ने उन्हें जबरन घर के अंदर खींचकर दरवाजा बंद कर दिया और पिटाई की। इस मामले में पीड़िता ने जेई चक्की मनीष कुमार समेत उपेन्द्र ठाकुर, देवेन्द्र यादव, सूरज पासवान, विजय कुमार, मकसूद अंसारी, कन्हैया मिश्र, सुनील प्रजापति और नागेन्द्र यादव को नामजद आरोपी बनाया है। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि हंगामे के दौरान उनके परिवार की एक महिला सदस्य के गले से सोने का लॉकेट और कान की बाली छीन ली गई। इतना ही नहीं, आरोपियों ने एक लाख रुपये की मांग करते हुए धमकी दी कि पैसा नहीं देने पर पूरे परिवार को केस में फंसा दिया जाएगा।

घटना के बाद पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उनके पुत्रों को जबरन पकड़कर थाने ले जाया गया, जबकि कृष्णाब्रह्म थाना में उनकी प्राथमिकी तक दर्ज नहीं की गई। इससे परेशान होकर वह महिला थाना पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई। इस पूरे मामले पर महिला थानाध्यक्ष ने बताया कि आवेदन प्राप्त हो चुका है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button