OTHERS

डाक विभाग का “समर्पण सम्मान समारोह” भव्य आयोजन, उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों का हुआ सम्मान

महर्षि विश्वामित्र विश्वविद्यालय के मानस भवन में आयोजित कार्यक्रम में निदेशक डाक सेवाएं ने कर्मियों की सराहना की, बक्सर डिवीजन ने लक्ष्य से अधिक खाते खोलकर रचा कीर्तिमान

न्यूज़ विज़न।  बक्सर
रविवार को महर्षि विश्वामित्र विश्वविद्यालय, बक्सर के प्रांगण स्थित मानस भवन में डाक विभाग, बक्सर मंडल द्वारा “समर्पण सम्मान समारोह” का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डाक विभाग के विभिन्न शाखा डाकघरों एवं इकाइयों में कार्यरत उन कर्मचारियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने उत्कृष्ट कार्य, लक्ष्य प्राप्ति तथा जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

 

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में श्री पवन कुमार (भा. डा. से.), निदेशक डाक सेवाएं (मुख्यालय), बिहार सर्किल, पटना उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि डाक विभाग देश की सबसे पुरानी एवं विश्वसनीय सेवा संस्थाओं में से एक है, जिसकी सफलता का आधार उसके कर्मियों की ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में डाक विभाग पारंपरिक सेवाओं से आगे बढ़ते हुए बैंकिंग, बीमा, डिजिटल सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक अपनी पहुंच बना रहा है। उन्होंने सभी कर्मचारियों को विभाग की प्रगति में निरंतर योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुमारी सरिता, डाक अधीक्षक, बक्सर मंडल ने की। उन्होंने अपने संबोधन में बताया कि बक्सर डिवीजन ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। डिवीजन को कुल 84,500 बचत खाते खोलने का लक्ष्य मिला था, जिसके विरुद्ध 1,26,734 नए खाते खोलकर लक्ष्य से कहीं अधिक उपलब्धि प्राप्त की गई। वहीं 34,569 खातों के बंद होने के बावजूद 92,165 की शुद्ध वृद्धि दर्ज की गई, जो विभाग की सक्रियता और जनविश्वास को दर्शाती है।

 

 

उन्होंने यह भी बताया कि बक्सर का प्रधान डाकघर आम जनता की सुविधा के लिए सुबह 8:00 बजे से शाम 8:00 बजे तक बुकिंग सेवाएं प्रदान कर रहा है। यहां पासपोर्ट सेवा केंद्र तथा आधार नामांकन एवं अद्यतन केंद्र भी सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं। इसके साथ ही इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाएं सुलभ कराई जा रही हैं। इस अवसर पर विभिन्न शाखा डाकघरों के कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन, नवाचार, लक्ष्य प्राप्ति एवं जनसेवा के प्रति समर्पण के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभाग की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का संचालन सुव्यवस्थित एवं अनुशासित ढंग से किया गया। अंत में सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन किया गया। कार्यक्रम में नवीन कुमार (सहायक डाक अधीक्षक, केन्द्रीय अनुमंडल), रंजीत कुमार (डाक निरीक्षक, डुमरांव अनुमंडल), मनीष कुमार (डाक निरीक्षक, पूर्वी अनुमंडल), आदित्य राज (सीआई), प्रेम कुमार (पोस्टमास्टर, मुख्य डाकघर) सहित सारांश ओझा, विकी कुमार, सुशील कुमार, पुरुषोत्तम कुमार, राहुल कुमार, जया कुमारी, मोहित केशरी, अभिषेक कुमार, विकास कुमार, विष्णु कुमार एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button