OTHERS

विश्व स्वास्थ्य दिवस पर बक्सर रेड क्रॉस भवन में संगोष्ठी, डॉक्टरों ने दी सेहत के प्रति जागरूक रहने की सलाह

न्यूज विज़न। बक्सर
विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी रेड क्रॉस भवन, बक्सर में रेड क्रॉस, आईएमए एवं रोटरी क्लब के संयुक्त तत्वाधान में एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के प्रमुख चिकित्सकों एवं समाजसेवियों ने भाग लेकर स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

संगोष्ठी के दौरान डॉक्टर सी एम सिंह, डॉक्टर अरुण कुमार, डॉक्टर दिलशाद आलम, डॉ बी के सिंह, डॉक्टर रितेश चौबे, डॉक्टर आर एन तिवारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इसके अलावा समाजसेवी सुरेश अग्रवाल, सौरभ तिवारी, दीपक अग्रवाल, मनीष कुमार पांडे, मनोज कुमार, गुड्डू जी, निसार अहमद, शाहिद समेत रेड क्रॉस के पदाधिकारी एवं सदस्य भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉक्टर अरुण कुमार ने कहा कि दवाइयों का सेवन हमेशा सोच-समझकर करना चाहिए, क्योंकि हर दवा का असर और दुष्प्रभाव दोनों होते हैं। उन्होंने विशेष रूप से बीपी के मरीजों को नियमित दवा लेने की सलाह दी। वहीं डॉक्टर सी एम सिंह ने कहा कि इन दिनों मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है, जिससे आमजन काफी परेशान हैं। इस दिशा में सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता है ताकि बीमारियों से बचाव किया जा सके।

डॉ दिलशाद आलम ने डायबिटीज की समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि भारत में मधुमेह के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है और लगभग 212 मिलियन लोग इससे प्रभावित हैं। उन्होंने बताया कि नियमित व्यायाम और संतुलित खान-पान से इस बीमारी से बचा जा सकता है।

कार्यक्रम के अंत में प्रेसिडेंट आर एन तिवारी ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया और स्वास्थ्य को जीवन की सबसे महत्वपूर्ण पूंजी बताते हुए सभी से इसकी देखभाल करने का आग्रह किया। वहीं दीपक अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापन कर कार्यक्रम का समापन किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button