हनुमान जन्मोत्सव पर बक्सर में खेल और भक्ति का संगम, मैराथन से लेकर कबड्डी तक गूंजा उत्साह
“एक दौड़ हनुमान के नाम” से युवाओं में जोश, क्रीड़ा भारती स्थापना दिवस पर भव्य कार्यक्रम और खिलाड़ियों का सम्मान


न्यूज़ विज़न। बक्सर
दक्षिण बिहार प्रांत के भोजपुर विभाग अंतर्गत बक्सर जिले में श्री हनुमान जन्मोत्सव सह क्रीड़ा भारती स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर भव्य एवं दिव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर धार्मिक आस्था और खेल भावना का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसमें सैकड़ों खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सोमेश्वर स्थान स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद “एक दौड़ हनुमान के नाम” थीम पर 2.5 किलोमीटर लंबी मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। इस दौड़ को पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी गौरव पाण्डेय एवं पुलिस निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रतिभागियों को स्टेशन रोड स्थित गोयल धर्मशाला के हनुमान मंदिर तक दौड़ पूरी करनी थी। मैराथन के समापन पर बालक एवं बालिका वर्ग के विजयी प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए पुरस्कार राशि एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सात-सात प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इसके उपरांत सुसज्जित परिसर में श्री हनुमान जी एवं मां भारती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्वलन के साथ अन्य कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ। हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ एवं भव्य आरती ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कैंब्रिज विद्यालय बक्सर के बच्चों द्वारा प्रस्तुत क्रीड़ा गीत ने युवाओं में जोश और ऊर्जा का संचार किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। क्रीड़ा भारती के प्रांत मंत्री डॉ. रमेश कुमार ने संगठन की स्थापना, उद्देश्य एवं पंचसूत्री कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए युवाओं को खेल के माध्यम से चरित्र निर्माण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक या नौकरी के लिए नहीं, बल्कि जीवन में अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के लिए भी आवश्यक है। उद्घाटनकर्ता राजेन्द्र प्रसाद ने पंच परिवर्तन के पांच आयाम—स्वदेशी, नागरिक कर्तव्य, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता एवं कुटुंब प्रबोधन—पर प्रकाश डालते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव की आवश्यकता पर बल दिया। मुख्य अतिथि डॉ. एस.एन. उपाध्याय ने अपने ओजस्वी संबोधन से युवाओं में उत्साह का संचार किया।
इसके पश्चात महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय के खेल मैदान में बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. के.के. सिंह एवं अन्य प्राध्यापकों की उपस्थिति में प्रतियोगिता संपन्न हुई, जिसमें विजेता टीम को मेडल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं उपस्थित लोगों के बीच प्रसाद एवं अल्पाहार का वितरण किया गया। धन्यवाद ज्ञापन विभाग संयोजक डॉ. अरविंद कुमार सिंह ने किया, जबकि मंच संचालन रश्मि ओझा ने किया। इस आयोजन में रोहतास गोयल, डॉ. रासबिहारी शर्मा, कोच अनिकेत राय, रणजीत कुमार, डॉ. अवनीश कुमार पांडे, डॉ. सैकत देवनाथ, डॉ. जय प्रकाश, डॉ. प्रियरंजन, डॉ. अमित कुमार मिश्रा, शिवम भारद्वाज, संदीप कुमार, आशुतोष ओझा सहित दर्जनों गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। सैकड़ों खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों की भागीदारी ने कार्यक्रम को सफल और यादगार बना दिया।





