गैस किल्लत की अफवाहों के बीच बक्सर की सोनामती गैस एजेंसी की पहल, मंगलवार से नंबर के अनुसार घर-घर पहुंचेगा सिलेंडर
1 मार्च से 11 मार्च तक बुकिंग कराने वाले उपभोक्ताओं को मंगलवार से होम डिलीवरी, 11 मार्च के बाद बुकिंग वालों को 19-20 को मिलेगा गैस सिलेंडर


न्यूज़ विज़न। बक्सर
देश में गैस की किल्लत की खबरों के बीच बक्सर जिला अंतर्गत सोनामती गैस एजेंसी द्वारा अपने ग्राहकों के लिए राहत भरी खबर दी गई है। एजेंसी प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं को गैस लेने के लिए एजेंसी पर भीड़ लगाने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि सभी उपभोक्ताओं को बुकिंग नंबर के अनुसार होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध कराई जाएगी।
एजेंसी के प्रबंधक मो. सज्जाद एवं रोहित ने बताया कि 1 मार्च से 11 मार्च तक जिन उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग हो चुकी है, उन्हें मंगलवार को घर-घर जाकर भेंडर फोन कर गैस सिलेंडर पहुंचा देंगे। वहीं पिछले तीन से चार दिनों में एजेंसी से जारी किए गए कूपन वाले उपभोक्ताओं को गोदाम से ही गैस लेना होगा। उन्होंने बताया कि 11 मार्च के बाद जिन उपभोक्ताओं ने बुकिंग कराई है, उन्हें 19 एवं 20 मार्च को गैस सिलेंडर उपलब्ध करा दिया जाएगा।
सोनामती गैस एजेंसी के प्रोप्राइटर संजय सिंह ने बताया कि डिपो से गैस की सप्लाई में कोई कमी नहीं है। इसलिए उपभोक्ता अनावश्यक रूप से एजेंसी या भेंडरों को परेशान न करें। साथ ही उन्होंने प्रशासन से भी अपील की है कि ठेला भेंडरों को बेवजह परेशान करने वालों पर कार्रवाई की जाए, ताकि बुकिंग के आधार पर सही उपभोक्ताओं को समय पर गैस मिल सके। उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों से प्रतिदिन लगभग 600 से अधिक उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि पहले प्रतिदिन 400 से 450 उपभोक्ताओं को ही गैस मिल पाता था। एजेंसी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे एजेंसी परिसर में अनावश्यक भीड़ न लगाएं।
वीडियो देखें :





