अग्निशमन कार्यालय में रंगों की बौछार, भाईचारे के साथ मना भव्य होली मिलन समारोह
सहायक जिला अग्निशमन पदाधिकारी सत्यदेव सिंह और अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी ने दिया सौहार्दपूर्ण होली मनाने का संदेश


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर के बाजार समिति परिसर स्थित अग्निशमन कार्यालय में सोमवार को होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। रंगों और उमंग से सराबोर इस कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों और कर्मियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
समारोह में सहायक जिला अग्निशमन पदाधिकारी सत्यदेव सिंह तथा अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी सहित अन्य कर्मचारियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अधिकारियों ने सभी कर्मियों को प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि होली आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता और सद्भाव का संदेश देने का पर्व है। कार्यक्रम के दौरान कार्यालय परिसर में हर्षोल्लास का वातावरण बना रहा।
कर्मियों ने पारंपरिक गीत-संगीत के बीच एक-दूसरे को रंग लगाया और पर्व की खुशियां साझा कीं। साथ ही मिठाई, पकौड़े एवं अन्य व्यंजनों का भी सभी ने आनंद उठाया। समारोह ने विभागीय परिवार के बीच आपसी सामंजस्य और टीम भावना को और मजबूत करने का कार्य किया। पूरे आयोजन में उत्साह और अपनत्व की झलक साफ दिखाई दी।





