OTHERS

ट्रिनिटी कॉन्वेंट स्कूल में रमन साइंस लैब का हुआ शुभारंभ

ट्रिनिटी कॉन्वेंट स्कूल में रमन साइंस लैब का उद्घाटन एवं स्टूडेंट्स पार्लियामेंट का हुआ सफल आयोजन

न्यूज विजन। बक्सर
सदर प्रखंड स्थित ट्रिनिटी कॉन्वेंट स्कूल में रमन साइंस लैब का उद्घाटन एवं स्टूडेंट्स पार्लियामेंट का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन डॉ. आशुतोष सिंह, विद्यालय के प्रबन्धक धीरज पांडेय तथा स्टेपिंग स्कूल के प्रबन्धक सुरेश सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। साथ ही विज्ञान लैब के उद्घाटन के अवसर पर रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर भी उद्घाटन को यादगार बनाया गया।

इस अवसर पर डॉ. आशुतोष सिंह ने विज्ञान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के दौर में विज्ञान मानव जीवन के हर क्षेत्र में प्रगति का आधार बन चुका है। विद्यालय के प्रबन्धक ने बताया कि विगत 6 वर्षों से विद्यालय परिवार विद्यार्थियों के लिए नये-नये संसाधनों और आधुनिक सुविधाओं के माध्यम से बच्चों में नवाचार एवं वैज्ञानिक सोच विकसित करने का निरंतर प्रयास कर रहा है।

 

स्टूडेंट्स पार्लियामेंट सेशन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस सत्र में पल्लवी राय ने स्पीकर की भूमिका निभाते हुए सदन की कार्यवाही का संचालन किया। सांसदों ने लोकतांत्रिक परंपरा के अनुसार हिंदी, संस्कृत और अंग्रेजी तीनों भाषाओं में शपथ ग्रहण किया, जिससे विद्यार्थियों में भाषा ज्ञान और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता देखने को मिली। कावेरी ठाकुर को प्रधानमंत्री के रूप में चुना गया, जबकि शिवन्या ओझा ने नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभाई और वेद प्रकाश को गृह मंत्री का दायित्व सौंपा गया।

 

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि डॉ. पीके पांडेय ने बच्चों की भाषा शैली, आत्मविश्वास तथा उनके तर्कपूर्ण विचारों की जमकर सराहना की। अन्य अतिथियों में सरोज सिंह, संजीव ओझा, मिलेनियम स्कूल के प्रबन्धक भरत सर, पंकज पांडेय, सत्येंद्र, अजित तथा सपना सहित सैकड़ों अभिभावक एवं शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन राहुल जायसवाल ने किया, जबकि अंत में धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के उप प्रबन्धक धर्मेंद्र पांडेय ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button