फाउंडेशन स्कूल के चार छात्रों ने राष्ट्रीय खो-खो में रच दिया इतिहास, बक्सर का नाम किया रोशन
U-14 व U-17 वर्ग में बिहार टीम का प्रतिनिधित्व कर लौटे खिलाड़ी, विद्यालय में खुशी की लहर


न्यूज़ विज़न। बक्सर
शहर के इटाढ़ी रोड गुरुदास मठिया स्थित फाउंडेशन स्कूल के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर न केवल अपने विद्यालय बल्कि पूरे बक्सर जिले का नाम गौरवान्वित किया है। विद्यालय के चार विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता में बिहार टीम का प्रतिनिधित्व कर सफलतापूर्वक वापसी की है, जिससे विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं छात्रों में हर्ष और उत्साह का वातावरण है।
विद्यालय की छात्रा सोनम मौर्य का चयन U-14 बालिका वर्ग में बिहार खो-खो टीम के लिए हुआ, जिन्होंने राजस्थान के केकड़ी में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लिया। वहीं अमित कुमार एवं अमन कुमार का चयन U-14 बालक वर्ग में हुआ, जिन्होंने गुजरात के सूरत में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व किया। इसके अतिरिक्त हर्षित चौबे का चयन U-17 वर्ग में बिहार खो-खो टीम के लिए हुआ, जिन्होंने बेंगलुरु में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सहभागिता की। एक ही विद्यालय से चार विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन होना विद्यालय के लिए अत्यंत गर्व और प्रसन्नता का विषय है। इस सफलता में विद्यालय के कोच इमरान खान, सुनील तिवारी एवं सरदार सिंह का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने विद्यार्थियों को जिला, प्रमंडलीय एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए कठिन परिश्रम से तैयार किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज त्रिगुण ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि फाउंडेशन स्कूल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में विद्यालय के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के सहयोग का प्रतिफल है। विद्यालय सदैव विद्यार्थियों को उचित मंच प्रदान कर उनकी प्रतिभा को निखारने का कार्य करता है। बक्सर जैसे छोटे शहर से निकलकर बच्चों का राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाना अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है।
वीडियो देखें :





