जी डी मिश्रा इंस्टीट्यूट ऑफ हायर स्टडीज में ‘नव परिवर्तन’ पत्रिका का भव्य विमोचन


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जी डी मिश्रा इंस्टीट्यूट ऑफ हायर स्टडीज में संस्थान लालगंज की शैक्षणिक एवं साहित्यिक पत्रिका ‘नव परिवर्तन’ का विमोचन अत्यंत गरिमामय एवं भव्य वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर पटना विश्वविद्यालय के प्रख्यात शिक्षाविद् प्रोफेसर अतुल आदित्य पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शोभा विशिष्ट अतिथि रजत जायसवाल, डॉ. तनवीर फरीदी, भरत प्रसाद एवं सरोज जी की गरिमामयी उपस्थिति से और भी बढ़ गई।
विमोचन समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय के सचिव प्रदीप मिश्र ने की। कार्यक्रम में महाविद्यालय के मेंटोर डॉ. राजेश्वर मिश्रा एवं प्राचार्य डॉ. जयराम चौधरी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सभी अतिथियों ने अपने संबोधन में ‘नव परिवर्तन’ पत्रिका को विद्यार्थियों की सृजनात्मक प्रतिभा, बौद्धिक विमर्श एवं अकादमिक उन्नयन का सशक्त माध्यम बताते हुए इसके नियमित प्रकाशन की सराहना की। वही मंच का संचालन बीएड प्रथम वर्ष के छात्र दीपक पाठक और रितिका पाल के द्वारा किया गया।
मुख्य अतिथि प्रो. अतुल आदित्य पाण्डेय ने कहा कि ऐसी पत्रिकाएँ शिक्षार्थियों को चिंतन, अभिव्यक्ति एवं नवाचार के लिए प्रेरित करती हैं तथा शैक्षणिक वातावरण को समृद्ध बनाती हैं। विशिष्ट अतिथियों ने भी पत्रिका में प्रकाशित रचनाओं की विषयवस्तु, भाषा-शैली एवं वैचारिक स्तर की प्रशंसा की। इस अवसर पर फाउंडेशन स्कूल के प्रधानाचार्य मनोज त्रिगुण, बरुन सर, संजीव, राजीव पाठक, महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक सुनील मिश्रा, अरविंद सिंह, अजय पाल, कार्यालय अधीक्षक प्रकाश मिश्रा, प्रभाष सहित अनेक गणमान्य अतिथि, शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। पत्रिका ‘नव परिवर्तन’ का विमोचन महाविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।





