OTHERS

रेडियंट पब्लिक स्कूल में सड़क सुरक्षा माह के तहत परिवहन विभाग ने चलाया जागरूकता अभियान

कक्षा 9वीं–10वीं के विद्यार्थियों के बीच सड़क सुरक्षा क्विज, नियमों की समझ और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और भावी पीढ़ी को यातायात नियमों के प्रति सजग बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन बक्सर की पहल पर रेडियंट पब्लिक स्कूल की दोनों शाखाओं, वीर कुंवर सिंह कॉलोनी, चरित्रवन बक्सर एवं लाढोपुर दानी कुटिया, कृतपुरा बक्सर में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के तहत कक्षा 9वीं एवं 10वीं के छात्र-छात्राओं के बीच सड़क सुरक्षा विषय पर क्विज प्रतियोगिता कराई गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लेते हुए अपने ज्ञान का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

 

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ट्रैफिक सिग्नल के पालन, पैदल चलने के सुरक्षित नियमों तथा सड़क पर जिम्मेदार व्यवहार के प्रति जागरूक करना रहा। क्विज प्रतियोगिता के दौरान पूछे गए प्रश्नों के उत्तरों से यह स्पष्ट हुआ कि छात्र सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों और उनके महत्व को भली-भांति समझते हैं। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान स्नेहा सिंह एवं रिया सिंह (कक्षा 9वीं) ने प्राप्त किया, जबकि द्वितीय स्थान रिया सिंह एवं आशिष कुमार सिंह (कक्षा 10वीं) के खाते में गया। तृतीय स्थान रक्षित ठाकुर (कक्षा 10वीं) एवं हिमांशु सिंह (कक्षा 9वीं ‘A’) ने हासिल किया। इसके अतिरिक्त विशेष गुप्ता, ऋषि कुमार, शिवम पाण्डेय, आस्था राज, राज हंसनी, आदित्य कुमार शर्मा, आदित्य कुमार, पिंस कुमार सिंह, विक्की मिश्रा, रितिका कुमारी, दिशा चौधरी, अंकु सिंह राजपूत, अमित कुमार, हिमांशु तिवारी, आशिष कुमार दुबे, रोशन कुमार एवं शुभम गुप्ता सहित कई विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बेस्ट परफॉर्मर के रूप में चयनित किया गया।

 

जागरूकता कार्यक्रम में परिवहन विभाग बक्सर के अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही। इस अवसर पर MVI संदीप कुमार, MVI विकास जी, MVI रितिका राय, E.S.I सत्यवती जी, नेहा जी, चंदन जी, प्रांजल जी, रंजन कुमार वैष्णव, E.S.I अद्विती जी एवं शालिनी जी ने विद्यार्थियों को संबोधित किया और सड़क सुरक्षा के नियमों को दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए MVI संदीप कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। यदि बच्चे कम उम्र से ही ट्रैफिक नियमों को समझ लें और उनका पालन करें, तो भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में निश्चित रूप से कमी आएगी।

विद्यालय के निदेशक पारसनाथ सिंह ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रेडियंट पब्लिक स्कूल का उद्देश्य केवल शैक्षणिक ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों को जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनाना है। सड़क सुरक्षा जैसे विषयों पर ऐसे कार्यक्रम बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं विद्यालय के प्रधानाध्यापक जय प्रकाश सिंह ने कहा कि आज के छात्र ही कल के चालक और नागरिक हैं। यदि उन्हें अभी से अनुशासन और नियमों का महत्व समझा दिया जाए, तो समाज अधिक सुरक्षित बन सकता है। उप प्रधानाध्यापिका श्यामली सिंह ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा पर आधारित गतिविधियां बच्चों में व्यवहारिक ज्ञान बढ़ाती हैं। क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों ने जो जागरूकता दिखाई है, वह सराहनीय है।

कार्यक्रम के समापन पर विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने जिला प्रशासन बक्सर की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button