नगर विकास एवं आवास विभाग की टीम ने स्थाई रैन बसेरा का किया निरीक्षण
रैनबसेरा में आश्रयविहीनों की संख्या बढ़ाने का दिया निर्देश


न्यूज विजन। बक्सर
दीनदयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित स्थाई आश्रयस्थलों का भ्रमण व निरीक्षण नगर विकास एवं आवास विभाग की टीम द्वारा किया गया। टीम का स्वागत नगर कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक के द्वारा किया गया।
इस दौरान आश्रय स्थल के सभी पंजिकाओं का अवलोकन किया तथा एरिया लेवल फेडरेशन की महिलाओं से आश्रय-स्थल के उचित संचालन एवं आयजनक गतिविधियों पर चर्चा की। निरीक्षण टीम में शामिल राज्य स्तरीय आश्रयस्थल अनुश्रवण समिति की सदस्या डोरोथी फर्णांडीज तथा परियोजना समन्वयक डाॅ हर्ष वर्द्धन ने पुलिस चौकी स्थित आश्रय स्थल एवं सोहनीपट्टी बस स्टैंड वार्ड नंबर 22 में निर्माणाधीन आश्रय स्थल पहुंचे। आश्रय स्थल मे रह रहे लोगों से बातचीत कर व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली।
डोरोथी ने नगर कार्यपालक पदाधिकारी एवं अन्य कर्मियों को रैनबसेरा में आश्रयविहीनों की संख्या बढ़ाने के लिए कही, ताकि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक लोगों को मिल सके। मौके पर सिटी मैनेजर नीरज कुमार झा एवं राजमणि गुप्ता, नगर मिशन प्रबंधक संतोष राय एवं कुमार अविनाश, सीआरपीएस दीदी एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित थीं।





