OTHERS

मातृत्व हुआ शर्मसार! पारिवारिक विवाद में महिला ने तीन मासूमों संग खाया जहर

एक बच्चे की मौत, महिला व दो बच्चे रेफर 

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के रसेन गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक कलह से परेशान एक महिला ने अपने तीन मासूम बच्चों को जहर पिलाकर खुद भी जहर खा लिया। इस दर्दनाक घटना में एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि तीन की हालत गंभीर बनी हुई है।

 

घटना के सम्बन्ध में प्राप्त जानकारी के अनुसार रसेन गांव निवासी स्व. राजकुमार चौधरी की पत्नी रूबी देवी ने अपने देवर जितेंद्र चौधरी से दूसरी शादी की थी। रूबी देवी के चार छोटे बच्चे हैं। बुधवार दोपहर पारिवारिक विवाद के चलते रूबी देवी ने फसल में छिड़काव की जाने वाली जहरीली दवा पहले बच्चों को पिलाई और फिर खुद भी पी ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। सभी को तत्काल राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल बक्सर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान करन कुमार नामक मासूम की मौत हो गई, जबकि रूबी देवी, अर्जुन कुमार और राधा कुमारी की हालत गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए तीनों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया है।

 

 

महिला के पति जितेंद्र चौधरी ने बताया कि घटना से एक रात पहले भी रूबी देवी जहर खाने की कोशिश कर रही थी। तब पुलिस को सूचना दी गई थी और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को समझा-बुझाकर शांत कराया था। लेकिन बुधवार को जब घर के अन्य सदस्य काम में व्यस्त थे, उसी दौरान महिला ने यह खौफनाक कदम उठा लिया। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे एसडीपीओ गौरव कुमार पांडेय ने बताया कि महिला ने अपने बच्चों के साथ जहर खाया है, जिसमें एक बच्चे की मौत हो चुकी है। बाकी की हालत गंभीर है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। यह घटना पूरे इलाके को झकझोर कर रख देने वाली है।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button