शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव : रोटरी क्लब ने शिक्षकों को किया सम्मानित
शिक्षक दिवस पर रोटरी भवन में भव्य समारोह, ‘मोबाइल के गिरफ्त में बच्चे- अभिभावकों के लिए बड़ी चुनौती’ विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता में डीएवी स्कूल ने मारी बाजी


न्यूज़ विज़न। बक्सर
रोटरी क्लब बक्सर के तत्वावधान में रोटरी भवन के सभागार में शिक्षक दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह का मुख्य उद्देश्य समाज और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों के अमूल्य योगदान को रेखांकित करते हुए उन्हें सम्मानित करना तथा उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना था। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं रोटरी क्लब के सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के तैल चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद शिक्षक दिवस के महत्व और शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों की भूमिका पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
मोबाइल के बढ़ते इस्तेमाल पर छात्रों ने रखे विचार
शिक्षक दिवस समारोह के अवसर पर जिले के विभिन्न विद्यालयों के बीच ‘मोबाइल के गिरफ्त में बच्चे- अभिभावकों के लिए बड़ी चुनौती’ विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने मोबाइल फोन के बच्चों के जीवन पर पड़ रहे सकारात्मक एवं नकारात्मक प्रभावों को लेकर अपने तर्क प्रस्तुत किए। वाद-विवाद प्रतियोगिता में डीएवी स्कूल के विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान, बक्सर पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने द्वितीय स्थान तथा सरस्वती विद्या मंदिर के छात्रों ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में रोटेरियन प्रदीप कुमार जायसवाल, रो मीना सिंह एवं रो डोमेनिक अमलान शामिल रहे।
दो उत्कृष्ट शिक्षकों को मिला विशेष सम्मान
समारोह के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं समर्पित योगदान देने वाले जिले के दो शिक्षकों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। जवाहर मध्य विद्यालय, बक्सर से सेवानिवृत्त शिक्षक श्री हरिदर्शन वर्मा तथा मध्य विद्यालय सोंधिला के प्रधानाध्यापक श्री राजेंद्र उपाध्याय को शॉल, डायरी, पेन, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा वाद-विवाद प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागी विद्यालयों के शिक्षकों को भी अंगवस्त्र एवं बुके देकर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षकों ने रोटरी क्लब बक्सर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपने शिक्षण अनुभवों को भी साझा किया।
‘शिक्षक केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, चरित्र निर्माण भी करते हैं’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रोटरी क्लब बक्सर के अध्यक्ष निर्मल कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान प्रदान नहीं करते, बल्कि उनके चरित्र निर्माण और उज्ज्वल भविष्य की नींव भी रखते हैं। एक आदर्श समाज की परिकल्पना शिक्षकों के बिना अधूरी है। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब बक्सर हमेशा से सामाजिक एवं शैक्षणिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। शिक्षकों का सम्मान करना क्लब के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि समाज को दिशा देने में शिक्षकों की भूमिका सर्वोपरि है और उनके योगदान को सम्मानित करना हम सभी का दायित्व है।
बड़ी संख्या में रोटरी सदस्य, विद्यार्थी और अभिभावक रहे मौजूद
समारोह में रोटरी क्लब बक्सर के अध्यक्ष निर्मल कुमार सिंह, सचिव मनोज कुमार वर्मा, कोषाध्यक्ष सागर वर्मा, प्रोजेक्ट चेयरमैन मंजेश केसरी, प्रोजेक्ट को-चेयर मनीष पांडेय के अलावा रो सत्येंद्र सिंह, रो ज्योति जोशी, रो सौरभ तिवारी, एसएम साहिल, आशीष गुप्ता, सुनील कुमार, राहुल राघवन, अनिल केसरी, रोट्रेक्ट प्रेसिडेंट सागर वर्मा एवं सोनू वर्मा सहित रोटरी क्लब के कई सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रतिभागी विद्यालयों के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं अभिभावक भी शामिल हुए। पूरे समारोह के दौरान शिक्षकों के प्रति सम्मान और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को लेकर सकारात्मक माहौल बना रहा।





