डीटीओ समेत जिले के तीन वरीय पदाधिकारी का तबादला, शशिकांत पासवान बने जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी
सामान्य प्रशासन विभाग बिहार सरकार की अधिसूचना जारी


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जिले में प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार बक्सर जिले के तीन वरीय पदाधिकारियों का तबादला किया गया है, वहीं चार नए वरीय पदाधिकारियों की बक्सर में पदस्थापना की गई है। सरकार के अपर सचिव राजीव रंजन दास द्वारा जारी इस अधिसूचना में अधिकारियों को यथाशीघ्र अपने नए पदस्थापना स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
बक्सर से तबादला होकर जाने वाले अधिकारियों में जिला परिवहन पदाधिकारी संजय कुमार का तबादला बक्सर से अपर समाहर्ता शेखपुरा के पद पर किया गया है। वरीय उप समाहर्ता आदित्य कुमार को बक्सर से स्थानांतरित कर गया जिले में जिला पंचायती राज पदाधिकारी के रूप में पदस्थापित किया गया है। अपर समाहर्ता विभागीय बृजेश कुमार को बक्सर से स्थानांतरित कर अपर समाहर्ता विभागीय जांच, किशनगंज के पद पर भेजा गया है।
वही बक्सर में पदस्थापित नए अधिकारीयों में शशिकांत पासवान, जो पूर्व में समस्तीपुर में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी के रूप में कार्यरत थे, उन्हें बक्सर का अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी बनाया गया है। शशिकांत पासवान पूर्व में भी बक्सर जिले के विभिन्न विभागों में कार्य कर चुके हैं। दिनेश लाल सिंह, वरीय उपसमाहर्ता कैमूर, को बक्सर में भूमि सुधार उपसमाहर्ता, डुमरांव के रूप में पदस्थापित किया गया है। सचिन कुमार, जो शिवहर जिले में भूमि सुधार उपसमाहर्ता के पद पर कार्यरत थे, को जिला पंचायती राज पदाधिकारी, बक्सर के रूप में पदभार दिया गया है। गौरव कुमार, जो पूर्वी चंपारण (मोतिहारी सदर) में अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी के रूप में कार्यरत थे, को अपर समाहर्ता, बक्सर की जिम्मेदारी दी गई है।
सरकार द्वारा जारी यह अधिसूचना जिले के प्रशासनिक ढांचे में एक महत्वपूर्ण परिवर्तन मानी जा रही है। नवनियुक्त अधिकारियों के आने से विभागीय कार्यों में और तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।





