बक्सर व चौसा सीओ समेत चकबंदी पदाधिकारी का हुआ तबादला
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग बिहार सरकार ने 76 अधिकारियों का किया तबादला



न्यूज़ विज़न। बक्सर
बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने रविवार को एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए राज्यभर के कुल 76 बंदोबस्त पदाधिकारी, अंचल अधिकारी (सीओ) एवं राजस्व अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इस संबंध में विभाग के संयुक्त सचिव अनिल कुमार पांडेय द्वारा अधिसूचना जारी की गई है। जारी अधिसूचना के अनुसार, बक्सर जिले के तीन प्रमुख अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है, वहीं नए अधिकारियों को उनकी जगह पदस्थापित किया गया है।








राहुल कुमार बने बक्सर सीओ एवं नीलेश कुमार चौसा के सीओ
बक्सर सदर के अंचलाधिकारी (सीओ) प्रशांत शांडिल्य का तबादला जमुई जिले के सोन्हो अंचल में किया गया है। चौसा अंचलाधिकारी रमेश कुमार को रोहतास जिले में सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी बनाया गया है। चकबंदी पदाधिकारी अमलेश कुमार को सारण जिले के एकमा प्रखंड में अंचलाधिकारी के पद पर भेजा गया है। वहीं, इनके स्थान पर नए अधिकारियों की नियुक्ति की गयी है जिसमे एकमा (सारण) के अंचलाधिकारी राहुल कुमार को बक्सर सदर अंचलाधिकारी के रूप में पदस्थापित किया गया है। माधवपुर (मधुबनी) के अंचलाधिकारी नीलेश कुमार को चौसा अंचलाधिकारी के रूप में भेजा गया है। सुश्री शिबू को राजस्व अधिकारी, बंदोबस्त कार्यालय बक्सर की जिम्मेवारी दी गई है।




विभागीय अधिसूचना के अनुसार, सभी तबादला प्राप्त अधिकारियों को 6 अक्टूबर, 2025 को पूर्वाह्न तक अपने नए पदस्थापन कार्यालय में योगदान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। यह प्रशासनिक निर्णय राज्य के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में कार्यक्षमता बढ़ाने और क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है। बक्सर सहित पूरे बिहार में इस फेरबदल को लेकर प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज है।

