नाथ बाबा के प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ के दौरान शहर में निकली भव्य शोभा यात्रा




न्यूज़ विज़न। बक्सर
शहर के चरित्रवन गंगा तट स्थित आदिनाथ अखाड़ा के तत्वावधान में आयोजित नाथ बाबा के प्रतिमा के प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ के तीसरे दिन आदिनाथ भगवान शिव का महाभिषेक किया गया तथा शाम को शोभा यात्रा निकाली गई। सुबह लगभग 11 बजे गुरुदेव भगवान श्री नाथ बाबा के परम शिष्य महामंडलेश्वर योगी शीलनाथ जी महाराज के नेतृत्व में साधु संतों ने मंत्रोच्चार एवं शिव घोष के बीच 1008 कलशों से मस्तकाभिषेक किया।








मस्तकाभिषेक पूर्व सुबह में हवन कुंड पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुति दी गई तथा हजारों की संख्या में श्रद्धालु एवं भक्त यज्ञ कुंड का परिक्रमा किए। प्राण प्रतिष्ठा रुद्र महायज्ञ की शोभायात्रा रविवार को शाम में निकाली गई जिसमे ऊंट, घोड़े, रथ के अलावे कई वाहनों में श्रद्धालु शामिल हुए थे। पूरे नगर भ्रमण के दौरान ओम नमः शिवाय की धुन पर श्रद्धालु झूमते नाचते गाते नजर आए। एक रथ पर गुरु भगवान श्रीनाथ बाबा के परम शिष्य महामंडलेश्वर योगी शीलनाथ जी महाराज विराजमान थे। वहीं अन्य रथों पर दूसरे नाथ जी महाराज विराजमान हुए थे। भक्ति की जैसे धारा बहती नजर आई और पूरा नगर भक्तिमय बना रहा।

