पिकअप की चपेट में आने से 6 वर्षीय मासूम की मौत
परसिया गांव में मातम, इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम; चालक फरार, वाहन जब्त


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के धनसोई थाना क्षेत्र अंतर्गत खीरी राजवाहा मार्ग पर परसिया गांव के समीप शुक्रवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक की पहचान परसिया गांव निवासी अजीत राम के छह वर्षीय पुत्र आर्यन कुमार के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आर्यन कुमार सड़क किनारे मौजूद था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक पिकअप वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सासाराम ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मासूम की मौत से गांव में पसरा मातम
आर्यन की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मासूम की असमय मौत से पूरे परसिया गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
ग्रामीणों ने किया पीछा, पिकअप वाहन पकड़ा गया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद चालक पिकअप वाहन लेकर मौके से फरार होने का प्रयास करने लगा। घटना से आक्रोशित स्थानीय युवकों ने बाइक से उसका पीछा किया। काफी दूरी तक पीछा करने के बाद दिनारा-बेलवईया के पास पिकअप वाहन को पकड़ लिया गया। हालांकि इस दौरान चालक मौका देखकर वहां से फरार होने में सफल रहा। ग्रामीणों ने बताया कि वाहन को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। लोगों ने प्रशासन से चालक की जल्द गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की है।
मुआवजे की मांग तेज
घटना के बाद ग्रामीणों और सामाजिक लोगों ने पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि गरीब परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और प्रशासन को संवेदनशीलता दिखाते हुए हरसंभव सहायता उपलब्ध करानी चाहिए।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही धनसोई थानाध्यक्ष विकास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति को सामान्य कराया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है। दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
तेज रफ्तार बन रही जानलेवा
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि खीरी राजवाहा मार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने तथा वाहन चालकों पर सख्ती बरतने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।





