भू-अभिलेखों को अद्यतन करने हेतु आज से आरम्भ हुआ राजस्व महा-अभियान, डीएम ने किया शुभारम्भ
हर घर तक पहुंचेगी जमीन से जुड़ी जरूरी सुधारों की सुविधा, नाम, खाता, खेसरा, रकबा, लगान जैसी कई अशुद्धियां होंगी दुरुस्त, 16 अगस्त से 20 सितंबर तक चलेगा राजस्व महा अभियान



न्यूज़ विज़न। बक्सर
राजस्व महा अभियान के अंतर्गत शनिवार को जिला पदाधिकारी बक्सर, डॉ विद्यानंद सिंह के द्वारा डुमरांव प्रखंड के चिलहरी पंचायत अंतर्गत रैयतों को जमाबंदी की प्रति दी गई। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार के अपर सचिव, डॉ महेंद्र पाल द्वारा बक्सर जिला के ब्रह्मपुर अंचल में राजस्व महा अभियान का निरीक्षण एवं अनुश्रवण किया गया। इस अभियान में उत्सवी माहौल में शुरुआत की गई। इसी क्रम में नावानगर प्रखंड में अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह के द्वारा रैयतों को जमाबंदी की प्रति घर घर जाकर वितरित की गई। वरीय पदाधिकारियों के द्वारा अपने अपने प्रखंड अंतर्गत रैयतों को जमाबंदी की प्रति वितरित की गई।








डिजिटाइज्ड जमाबंदी में परिलक्षित त्रुटियों का निराकरण, छुटे हुए जमाबंदी का ऑनलाइन एवं उत्तराधिकारी नामांतरण अथवा संयुक्त संपत्ति के बंटवारे की स्थिति में नामांतरण की कार्रवाई किये जाने हेतु पंचायतवार शिविर लगाकर राजस्व विभाग के कर्मियों द्वारा घर-घर जाकर मामले का निष्पादन किया जाएगा। ज़िला पदाधिकारी के द्वारा अपर समाहर्ता बक्सर एवं भूमि सुधार उप समाहर्ता बक्सर एवं सभी अंचलाधिकारी को राजस्व महा अभियान को सफलतापूर्वक आयोजित कराने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने बताया कि अंचल वार रोस्टर तैयार करवाया गया है, ताकि हर पंचायत में हल्कावार घर घर जाकर सभी राजस्व कर्मी 03 प्रकार के प्रपत्र बाटेंगे और प्रपत्र बांटने के तिथि से अगले 3 दिन के बाद से घर घर से उन संबंधित प्रपत्र को प्राप्ति (कलेक्शन) भी करवाएंगे।




जिला पदाधिकारी ने अपर समाहर्ता को निर्देश दिया कि जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष बनाना सुनिश्चित करेंगे। ताकि हर दिन संध्या में सभी अंचल अधिकारियों से प्रतिवेदन प्राप्त करने की तिथि वार कितना कितना आवेदन बांटे गए हैं और कितना कलेक्ट किए गए हैं का अनुश्रवण किया जा सके। सभी अंचल अधिकारी को निदेश दिया कि अपने-अपने क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करते हुए उन्हें इस राजस्व महा अभियान के संबंध में जानकारी दें एवं मोजावर प्रपत्र वितरण संबंधित सूची भी उपलब्ध करवाये। राजस्व महा अभियान से लाखों रैयतों को लाभ होगा। अभियान के प्रत्येक चरण में समयबद्धता, पारदर्शिता और नागरिक सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि सभी अंचलाधिकारी अपने कार्यालय परिसर का निरीक्षण करेंगे।
विदित हो कि बिहार में राजस्व महाअभियान की शुरुआत हो गई है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से 16 अगस्त से 20 सितंबर तक ये महा अभियान चलेगा। इस अभियान का उद्देश्य भूमि संबंधी दस्तावेजों में पारदर्शिता लाना और जनता को जमीन से जुड़ी जरूरी सुधारों की सुविधा सीधे उनके द्वार तक पहुंचाना है। इस अभियान के अंतर्गत डिजिटाइज्ड जमाबंदी में त्रुटि सुधार, उत्तराधिकार नामांतरण, बंटवारा नामांतरण एवं छूटी हुई जमाबंदी को ऑनलाइन किया जाएगा। इन महत्वपूर्ण कार्यों को हल्का स्तर पर शिविर लगाकर पूरा किया जाएगा। हर घर तक पहुंचेगी जमीन से जुड़ी जरूरी सुधारों की सुविधा इस राजस्व महाअभियान के तहत राज्यभर में डिजिटाइज्ड जमाबंदी में त्रुटियों का सुधार (परिमार्जन), छूटी हुई जमाबंदियों को ऑनलाइन कराना, उत्तराधिकार नामांतरण और बंटवारा नामांतरण जैसे मामलों का समाधान किया जाएगा। इसके साथ ही नाम, खाता, खेसरा, रकबा, लगान जैसी अशुद्धियों को ठीक किया जाएगा। साथ ही ऑफलाइन जमाबंदी को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाया जाएगा। रैयत की मृत्यु के बाद उत्तराधिकारियों के नाम पर जमाबंदी कराई जाएगी। संयुक्त जमाबंदी के मौखिक बंटवारे के बावजूद अंशधारकों के नाम से अलग जमाबंदी सुनिश्चित की जाएगी।
घर-घर पहुंचेंगी टीमें
सभी अंचल अधिकारी की तरफ से हल्कावार नामित कर्मी घर-घर जाकर लोगों को उनकी जमाबंदी की प्रति देंगी तथा हल्का शिविर में उनसे आवेदन लेंगी। ताकि किसी को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। प्रत्येक पंचायत के सरकारी या अन्य सरकारी भवन में हल्कावार विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में भरे हुए आवेदन प्रपत्र जरूरी कागजातों के साथ जमा किए जा सकेंगे। अधिक जानकारी के लिए राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https: //biharbhumi.bihar.gov.in विजिट कर सकते हैं।

