चोरी के लगभग बीस लाख के गहनों के साथ तीन माह बाद दो चोर गिरफ्तार
पीड़ित के रिश्तेदार है दोनो चोर, रेलवे कॉलोनी के सरकारी आवास के आंगन में जमीन के अंदर गाड़ कर रखे थे गहने




न्यूज विजन । बक्सर
लगभग तीन माह पूर्व मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ईस्माइलपुर गांव में हुए चोरी की वरदात को पुलिस ने बीते दिनों उदभेदन कर लिया। जिसमे पुलिस ने चोरी के गहनों के साथ दो चोरों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार चोरों से पूछताछ के बाद पुलिस ने जेल भेज दिया। गिरफ्तार चोरों के अपराधिक इतिहास को पुलिस खंगाल रही है।
गिरफ्तारी के बाद एसपी मनीष कुमार ने प्रेसवार्ता आयोजित कर बताया कि 5 अप्रैल की रात ईस्माइलपुर गांव के गफुर मिंया के पुत्र नसीम आलम के घर में रखे अलमीरा को तोड़ चोरों ने करीब 20 लाख के गहने उड़ा लिए थे। गहने नसीम की बहन पिंकी देवी का था। चोरी के बाद एसडीपीओ गोरख राम के नेतृत्व एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने जांच करते हुए फिरोज अंसारी को हिरासत में लेकर पूछताछ किया गया। पूछताछ के बाद उसने अपने भाई मोदी अंसारी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को स्वीकार किया। पुलिस ने गिरफ्तार चोरों के निशानदेही पर रेलवे के कर्मचारी पोतन यादव के मकान में स्थित आंगन में जमीन खोदकर बरामद किया गया। पुलिस ने करीब 18 लाख से अधिक के गहनों को बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक करीब 16 लाख के सोने के गहने और दो लाख के चांदी के गहनों को बरामद कर लिया। पुलिस ने दोनों भाईयों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों चोर पीड़िता के रिश्तेदार ही है। इनका उक्त घर में हमेशा आना-जाना रहता था। मौका देख चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया था। गिरफ्तार दोनों चोर के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट के आरोपित रह चुके है। इनके अपराधिक इतिहास काो पुलिस खंगाल रही है।
पुलिस टीम को किया जाएगा पुरस्कृत: एसपी मनीष कुमार ने बताया कि चोरी की घटना के उदभेदन में लगे सभी पुलिस पदाधिकारियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके लिए विभाग को सूचित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि घटना के उदभेदन में एसडीपीओ गोरख राम, सर्किल इंस्पेक्टर मनोज सिंह, मुफस्सिल थानाध्यक्ष राहुल, पुलिस अवर निरीक्षक संजीत कुमार शर्मा, सुनील कुमार निर्झर, मनोरंजन प्रसाद राय के साथ पुलिस बल के जवान थे।









