CRIME

डुमरांव में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, इलाके में मचा हड़कंप

सम्हार-महरौरा मार्ग पर सरकारी बोरिंग के पास मिला 30 वर्षीय युवक का शव, कनपटी के पास गोली लगने की आशंका; एफएसएल टीम से जांच के बाद होगा मौत के कारण का स्पष्ट खुलासा

न्यूज विज़न। डुमरांव
बक्सर जिले के डुमरांव थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना करीब सुबह 10 बजे सम्हार और महरौरा मार्ग पर सरकारी बोरिंग के पास हुई। घटना की सूचना मिलते ही डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा, अपर थानाध्यक्ष मतेंद्र कुमार सबलगढ़ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया है।

 

मृतक की पहचान सम्हार गांव निवासी उदय नारायण सिंह उर्फ वकील यादव के 30 वर्षीय पुत्र मुलायम सिंह यादव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मुलायम शनिवार की सुबह करीब 9:30 बजे अपने घर से डुमरांव जाने के लिए निकला था। वह अपने बहनोई कुदरिया निवासी रौशन यादव की पैशन बाइक लेकर घर से निकला था। बताया जा रहा है कि गांव से बाहर निकलकर जैसे ही वह सरकारी बोरिंग के समीप से महरौरा मार्ग की ओर पहुंचा, इसी दौरान किसी ने उसे गोली मार दी।

 

कनपटी के पास गोली लगने की आशंका

प्रथम दृष्टया युवक के कनपटी के पास गोली लगने की आशंका जताई जा रही है। उसके गर्दन और कान के पास से खून निकलने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस ने अभी मौत के कारण और गोली लगने की वास्तविक स्थिति को लेकर कोई अंतिम पुष्टि नहीं की है। घटनास्थल पर एफएसएल टीम की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवक को कितनी गोलियां मारी गईं और गोली शरीर के किस हिस्से में लगी थी।

घटनास्थल पर जुटी सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़

दिनदहाड़े हुई हत्या की खबर जंगल की आग की तरह सम्हार और आसपास के गांवों में फैल गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। ग्रामीणों के बीच प्रथम दृष्टया जमीन विवाद को हत्या की वजह बताया जा रहा है, हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

तीन भाइयों में सबसे छोटा था मुलायम

बताया जाता है कि मुलायम सिंह यादव तीन भाइयों में सबसे छोटा था और अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। अचानक हुई उसकी हत्या से परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों के बीच अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस को लेकर चर्चा है। लोगों का कहना है कि सुबह के समय मुख्य मार्ग के समीप युवक की हत्या कर अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती दी है।

हत्यारों की पहचान में जुटी पुलिस

डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि मृतक की पहचान कर ली गई है। पुलिस हत्यारों का पता लगाने में जुटी है। उन्होंने कहा कि मामले का जल्द उद्भेदन कर लिया जाएगा।

समाचार लिखे जाने तक शव घटनास्थल पर ही पड़ा था और पुलिस एफएसएल टीम के पहुंचने का इंतजार कर रही थी। एफएसएल जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की आगे की कार्रवाई के बाद ही हत्या की वास्तविक वजह और वारदात में शामिल अपराधियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button