सदर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर आशा और आशा फैसिलेटर ने नौ सूत्री मांगों को लेकर किया प्रदर्शन




न्यूज विजन । बक्सर
बृहस्पतिवार को राज्य कार्यकारिणी के निर्णय अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सदर प्रखंड में अपनी मांगों की पूर्ति हेतु आशा एवं आशा फैसिलिटेटर संघ के बैनर तले आशा कार्यकर्ताओं एवं आशा फैसिलिटेटरो ने जमकर नारेबाजी की एवं प्रदर्शन किया। जिसका नेतृत्व आशा फैसिलिटेटर मीरा देवी ने किया। जबकि विराजो देवी, संयोजक सह राज्य उपाध्यक्ष अरुण कुमार ओझा, मीना देवी, प्रेम शिला देवी, रिंकू देवी, प्रिंस कुमार, राजेश कुमार, चंचला देवी, माया देवी, नीतू देवी, सुधा देवी, सीमा देवी, उर्मिला देवी, कलावती देवी, शिव कुमारी देवी, उमा देवी, चिंता देवी सहित सैकड़ों आशा व अन्य मौजूद रही।
प्रदर्शन के दौरान बिहार सरकार खोलो कान नहीं तो होगा 12 जुलाई से चक्का जाम का नारा लगाते हुए, 26 जून को सिविल सर्जन के समक्ष होने वाले प्रदर्शन में जिला के तमाम आशा शामिल होंगी और 12 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर उतर जाएंगे। प्रदर्शन के पश्चात मांग पत्र स्वास्थ्य मंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को समर्पित किया गया। मांग पत्र में 1000 पारितोषिक शब्द को बदलकर मानदेय किया जाए तथा इसे बढ़ाकर ₹10000 किया जाए। अप्रैल 19 से नवंबर 20 तक का मासिक ₹1000 बकाया का भुगतान किया गया है। आशाओं के भुगतान में व्याप्त भ्रष्टाचार कमीशन खोरी पर रोक लगाई जाए। कोरोना काल में ड्यूटी के लिए ₹10000 कोरोना भता का भुगतान किया जाए। आशा फैसिलिटेटर को 20 दिन के बदले पूरे माह का भ्रमण भत्ता दैनिक ₹500 के दर से भुगतान किया जाए। विभिन्न कार्यों के लिए निर्धारित प्रोत्साहन राशि की दरों में समुचित वृद्धि के लिए केंद्र को लिखा जाए। आशा एवं आशा फैसिलिटेटर को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ दिया जाए तथा रिटायरमेंट पैकेज के लिए दस लाख का भुगतान किया जाए। अंत में गगनभेदी नारों के साथ 9 सूत्री मांग पत्र समर्पित किया गया।

