जिले के कामगार की आबूधाबी में मौत, सूचना मिलते ही परिजनों में मचा कोहराम




23 जुन को गया था आबूधाबी, 11 सितंबर के बाद से नही हो रहा था संपर्क, शव आने का इंतजार कर रहे है परिजन
न्यूज विजन । बक्सर
खाड़ी देश संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी आबूधाबी में जिले के एक कामगार की मौत हो गई है। उसकी मौत की सूचना सोमवार एजेंट के माध्यम से परिजनों की दी गई। जबकि उसकी मौत एक पखवाड़े पूर्व हुई थी लेकिन कंपनी द्वारा इसकी जानकारी परिजनों को नही दी गईं थी।









सूचना मिलने के बाद परेशान परिजन स्थानीय सांसद से लेकर पीएमओ तथा भारतीय दूतावास तक से गुहार लगाए थे। वही मौत की पुष्टि होने के बाद परिजनों में कोेहराम मच गया। मृतक कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के सोवां गांव निवासी बलिराम सिंह का 36 वर्षीय पुत्र अजय सिंह है। मिली जानकारी के अनुसार वह अपने परिवार का माली हालत सुधारने 23 जून को आबूधाबी गया था। शुरू में सबकुछ ठीक ठाक था तथा अक्सर अपनी पत्नी तथा बच्चों से बात करता था। लेकिन 11 सितंबर के बाद से उसका संपर्क अपने परिवार से टूट गया था। उससे बात नहीं होने पर घरवाले काफी परेशान थे। इधर एजेंट भी उनसे बात नहीं कर रहा था। तब परिजनों ने स्थानीय सांसद, पीएमओ तथा भारतीय दूतावास को इसकी जानकारी दे उसकी तलाश करवाने की गुहार लगवाई। इसी बीच रविवार को एजेंट ने बताया कि 18 सितंबर को उसके कंपनी के बगल में ही एक शव मिला था जो अजय का था। यह जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। इस घटना के बाद से ही उसकी पत्नी प्रतिमा देवी बदहवास है तो पिता बलिराम सिंह समेत पूरे परिवार के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहा है। मृतक के भाई संजय सिंह ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि अभी तक कंपनी वाले उसका शव भेजने की कवायद शुरू नहीं किए है।

