इक्कीस सूत्री मांगों को लेकर राज्य स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष दिया धरना




न्यूज विजन | बक्सर
बिहार राज्य चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के राज्य कार्यकारिणी के निर्णयानुसार बिहार के सभी सिविल सर्जन के समक्ष संयुक्त एवं नियमावली के विभिन्न संभागों के राज्यस्तरीय संवर्ग में तब्दील करने एवं माह जून में संभावित स्थानांतरण करने में स्वास्थ्य कर्मियों का भयादोहन करने सहित इक्कीस सूत्री मांगों को लेकर रोषपूर्ण प्रदर्शन का आयोजन किया गया।
जिला मंत्री आनंद सिंह के नेतृत्व में भारी संख्या में कर्मचारियों ने सरकार विरोधी नारों के साथ पूरे अस्पताल परिसर जुलूस निकाल रोष प्रदर्शन किया उसके बाद जुलूस को सभा में तब्दील कर दिया गया। सभा को संबोधित करते हुए जिला मंत्री ने कहा कि सरकार कर्मचारी विरोधी गतिविधि पर उतारू है। जिला संवर्ग में कार्यरत एएनएम लिपिक सहित 34 संवर्गो को राज्य संवर्ग कर अंतर जिला स्थानांतरण का भय दिखाकर भयादोहन करने की वकालत चल रही है। राज्य संघर्ष समिति के उपाध्यक्ष मनोज चौधरी के द्वारा कर्मचारी विरोधी नीतियों पर विस्तार से चर्चा किया गया। सभी संवीक्षा कर्मियों को नियमित करना सहित नई पेंशन नीति पर भी चर्चा की गई। सभा में विकास सिंह, विनोद कुमार, शीला कुमारी, सुषमा कुमारी, सुलेखा कुमारी, रीना कुमारी, शशि प्रसाद, लाल बाबूराम, अनीता देवी, सुनीता कुमारी समेत अनेकों कर्मचारी मौजूद रहे।

