रेलवे गुमटी संख्या 70 बी-टी खुलने पर संघर्ष मोर्चा ने जताया आभार, ओवरब्रिज की मरम्मत में तेजी की मांग
सरोज राजभर बोले- जनता के आंदोलन का मिला परिणाम, 26 करोड़ की लागत से बने क्षतिग्रस्त ओवरब्रिज को जल्द मजबूत तरीके से दुरुस्त कराने के लिए डीएम से करेंगे आग्रह


न्यूज़ विज़न। बक्सर
अति पिछड़ा दलित स्वाभिमान संघर्ष मोर्चा के जिला संयोजक सरोज राजभर ने शुक्रवार को वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक, पूर्व मध्य रेलवे, दानापुर के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि बीते 2 जुलाई को रेलवे के वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक को दिए गए पत्र तथा इसके बाद किए गए धरना-प्रदर्शन के परिणामस्वरूप रेलवे गुमटी संपर्क संख्या 70 बी-टी को अस्थायी रूप से खोल दिया गया है।
सरोज राजभर ने बताया कि गुमटी खोले जाने के संबंध में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, वाणिज्य विभाग, दानापुर की ओर से पत्र भी प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि गुमटी का अस्थायी रूप से खोला जाना क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही परेशानी को देखते हुए महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि अति पिछड़ा दलित स्वाभिमान संघर्ष मोर्चा ने जनता के साथ मिलकर रेलवे गुमटी को खोलने के लिए लगातार आवाज उठाई और आंदोलन किया। उनके अनुसार, गुमटी खोलने का निर्णय जनता के सामूहिक प्रयास और आंदोलन का परिणाम है। उन्होंने रेलवे प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे आसपास के लोगों, विद्यार्थियों, मरीजों और दैनिक आवागमन करने वाले लोगों को राहत मिलेगी।
क्षतिग्रस्त ओवरब्रिज की मरम्मत जल्द पूरी करने की मांग
सरोज राजभर ने कहा कि अब मोर्चा का अगला प्रयास करीब 26 करोड़ रुपये की लागत से बने ओवरब्रिज की मरम्मत को लेकर रहेगा। उन्होंने बताया कि ओवरब्रिज करीब तीन महीने पूर्व क्षतिग्रस्त हुआ था और फिलहाल उसकी मरम्मत का कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि ओवरब्रिज की मरम्मत का कार्य मजबूत और गुणवत्तापूर्ण तरीके से जल्द से जल्द पूरा कराया जाना आवश्यक है, ताकि भविष्य में आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। इस संबंध में जिला पदाधिकारी से निरीक्षण कराने तथा मरम्मत कार्य की गुणवत्ता और प्रगति पर ध्यान देने का आग्रह किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि ओवरब्रिज की मरम्मत में अनावश्यक विलंब होता है या कार्य अपेक्षित गुणवत्ता के अनुरूप नहीं होता है, तो जनहित में आंदोलन भी किया जाएगा। मोर्चा का उद्देश्य क्षेत्र की जनता के आवागमन को सुगम बनाना और सुरक्षित एवं स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित कराना है। इस मौके पर मोर्चा के मीडिया प्रभारी राम इकबाल ठाकुर, दीनानाथ ठाकुर, कृष्णावती देवी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।





