नगर भवन में जादूगर पीके सम्राट के शो का भव्य शुभारंभ, हैरतअंगेज करतबों के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश
अपर समाहर्ता शशिकांत पासवान ने दीप प्रज्वलित कर किया उद्घाटन, बोले—मोबाइल और इंटरनेट के दौर में पारंपरिक कलाओं को जीवंत रखना जरूरी

न्यूज़ विज़न। बक्सर
शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर बक्सर शहर के नगर भवन में रविवार को प्रसिद्ध जादूगर पीके सम्राट के जादुई शो का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शशिकांत पासवान शामिल हुए। उन्होंने अन्य अतिथियों के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। इसके बाद शांति और सद्भावना के प्रतीक कबूतर उड़ाकर जादुई शो की शुरुआत की गई।
उद्घाटन समारोह के दौरान नगर भवन में बड़ी संख्या में दर्शकों की मौजूदगी रही। जादूगर पीके सम्राट के शो को लेकर बक्सर जिले के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। नवरात्र के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम मनोरंजन के साथ-साथ पारंपरिक जादू कला को करीब से देखने और समझने का अवसर भी प्रदान कर रहा है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में यश कलेक्शन के प्रोपराइटर सह भाजपा नेता मिथिलेश पांडेय तथा कनक सोलर एनर्जी के बिहार हेड राजन तिवारी मौजूद रहे। दोनों अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए जादूगर पीके सम्राट और उनकी पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं। करीब 25 वर्षों के अनुभव वाले जादूगर पीके सम्राट अपने हैरतअंगेज जादुई करतबों, मनोरंजक प्रस्तुतियों और विभिन्न रोचक कार्यक्रमों के माध्यम से दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं। खास बात यह है कि उनके शो में मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता से जुड़े संदेशों को भी शामिल किया गया है। जादू के आकर्षण के माध्यम से आम लोगों तक समाज से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
पारंपरिक कलाओं को बचाने की जरूरत : शशिकांत पासवान
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि शशिकांत पासवान ने जादूगर पीके सम्राट एवं उनकी पूरी टीम को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मोबाइल और इंटरनेट के बढ़ते प्रभाव के कारण पारंपरिक कलाएं धीरे-धीरे विलुप्त होने की कगार पर पहुंच रही हैं। ऐसे में जादू जैसी पारंपरिक कला को जीवंत बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से भी पारंपरिक कला और कलाकारों को प्रोत्साहित करने की दिशा में कई प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में नगर भवन पहुंचकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करें और इस प्रकार की प्रस्तुतियों का आनंद लें। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आयोजन टीम को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
मनोरंजन के साथ जागरूकता फैलाना उद्देश्य : पीके सम्राट
जादूगर पीके सम्राट ने कहा कि जादू केवल मनोरंजन का माध्यम ही नहीं, बल्कि इसके जरिए समाज में सकारात्मक संदेश भी पहुंचाया जा सकता है। वे अपनी जादुई कला के माध्यम से लोगों का मनोरंजन करने के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने का लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य जादू के प्रति लोगों की रुचि को बढ़ाना और इसी आकर्षण के माध्यम से समाज से जुड़े महत्वपूर्ण संदेशों को आमजन तक पहुंचाना है। उनके शो में मनोरंजन, रोमांच और सामाजिक संदेश का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।
नवरात्र के अवसर पर नगर भवन में शुरू हुए जादूगर पीके सम्राट के इस शो को लेकर शहर से लेकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों तक लोगों में उत्सुकता बनी हुई है। उद्घाटन समारोह में मौजूद दर्शकों ने भी जादुई प्रस्तुतियों का आनंद लिया और आयोजन की सराहना की।




