पाथवेज वर्ल्ड स्कूल डुमरांव के किड्स-नर्सरी के बच्चों का शैक्षिक परिभ्रमण
नन्हे कदमों से बड़ा सीखने का सफ़र, शहर की ऐतिहासिक व धार्मिक स्थलों से कराया गया परिचय


न्यूज विज़न। बक्सर
पाथवेज वर्ल्ड स्कूल, डुमरांव के किड्स और नर्सरी वर्ग के नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए शिक्षा और आनंद से भरपूर एक यादगार दिन तब देखने को मिला, जब विद्यालय के लगभग 62 बच्चों ने शैक्षिक परिभ्रमण के तहत डुमरांव शहर का भ्रमण किया। यह परिभ्रमण विद्यालय के निदेशक इंजीनियर आर. राघवन की देख-रेख में संपन्न हुआ।
परिभ्रमण के दौरान बच्चों को डुमरांव शहर के प्रमुख ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों से रू-बरू कराया गया। भ्रमण सूची में राजा के गढ़, बिहारी जी का मंदिर, काली मंदिर, छठीया पोखरा पार्क और शहीद पार्क शामिल रहे। इन स्थलों को देखकर बच्चों में उत्सुकता और खुशी साफ झलक रही थी।
विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने गीत, खेल, प्रश्न-उत्तर और रोचक गतिविधियों के माध्यम से पूरे यात्रा को न सिर्फ सुरक्षित बल्कि रोमांचकारी और यादगार बना दिया। बच्चे हंसते-खेलते सीखते नजर आए और उन्होंने अपने आसपास के परिवेश को नए नजरिए से जाना।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक इंजीनियर आर. राघवन ने कहा कि शैक्षिक परिभ्रमण केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं होता, बल्कि यह बच्चों के आत्मिक, भावनात्मक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे भ्रमण बच्चों को सकारात्मक आचरण, संस्कार और व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि प्रारंभिक कक्षाओं में पढ़ने वाले बच्चों के लिए पुस्तक से बाहर की दुनिया को देखना और समझना बेहद आवश्यक है, जिससे उनकी जिज्ञासा, आत्मविश्वास और सीखने की क्षमता बढ़ती है।
इस सफल परिभ्रमण से न केवल बच्चों के चेहरे खिल उठे, बल्कि अभिभावकों और शिक्षकों में भी संतोष और खुशी देखने को मिली। पाथवेज वर्ल्ड स्कूल का यह प्रयास बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा ।





