जूट की बोरियों के बीच छिपाकर ले जाई जा रही 1772 लीटर शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
हरियाणा से भागलपुर जा रही डीसीएम ट्रक से 203 पेटी विदेशी शराब जब्त, कीमत 20.50 लाख रुपये आंकी गई


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बिहार में शराबबंदी कानून को धता बताने की कोशिश कर रहे तस्करों के खिलाफ उत्पाद विभाग को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मंगलवार की सुबह बक्सर स्थित वीर कुंवर सिंह सेतु ऊपरी पुल पर उत्पाद विभाग की चेक पोस्ट टीम ने वाहन जांच अभियान के दौरान जूट की बोरियों के बीच छिपाकर ले जाई जा रही भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
वाहन जांच के दौरान हुआ खुलासा
जानकारी के अनुसार, वीर कुंवर सिंह सेतु पर स्थित उत्पाद विभाग चेक पोस्ट के प्रभारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान हरियाणा से भागलपुर जा रहे एक डीसीएम ट्रक को संदेह के आधार पर रोका गया। प्रारंभिक जांच में ट्रक जूट की बोरियों से भरा हुआ दिखाई दिया, लेकिन अधिकारियों को कुछ संदिग्ध गतिविधि महसूस हुई। इसके बाद ट्रक की गहन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान जूट की बोरियों के बीच बड़ी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी।
203 पेटी शराब बरामद, बाजार मूल्य 20.50 लाख रुपये
उत्पाद विभाग द्वारा ट्रक से कुल 203 पेटी विदेशी शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कुल मात्रा 1772 लीटर बताई गई है। उत्पाद विभाग के अनुसार बरामद शराब की अनुमानित कीमत 20 लाख 50 हजार रुपये है। बरामदगी के बाद ट्रक को जब्त कर लिया गया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान ट्रक में सवार दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल सिंह, पिता राजकुमार सिंह, निवासी गिलैह गांव, थाना सादपुर, जिला अलवर (राजस्थान) एवं सचिन यादव, पिता कृष्णा यादव, निवासी बड़ौदा कला गांव, थाना बिलासपुर, जिला गुरुग्राम (हरियाणा) के रूप में हुयी है दोनों से पूछताछ की जा रही है ताकि शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क और इसके पीछे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके।
भागलपुर में होनी थी शराब की सप्लाई
उत्पाद अधीक्षक अरशद जमाल ने बताया कि जब्त डीसीएम ट्रक हरियाणा से शराब लेकर बिहार के भागलपुर जिले में सप्लाई देने जा रहा था। तस्करों ने पुलिस और उत्पाद विभाग की निगाहों से बचने के लिए शराब को जूट की बोरियों के बीच छिपा रखा था, लेकिन सतर्क जांच टीम ने उनकी योजना को विफल कर दिया। उन्होंने कहा कि बिहार में शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और किसी भी कीमत पर शराब माफियाओं को बख्शा नहीं जाएगा।
तस्करी के नए-नए तरीके अपना रहे शराब माफिया
शराबबंदी लागू होने के बाद तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपनाकर शराब की खेप बिहार पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। कभी फलों और सब्जियों के बीच, तो कभी कपड़े, फर्नीचर और अन्य सामानों की आड़ में शराब की तस्करी की जाती है। इस बार जूट की बोरियों के बीच शराब छिपाकर ले जाई जा रही थी। हालांकि उत्पाद विभाग की सक्रियता के कारण तस्करों की यह कोशिश भी नाकाम हो गई।
वीडियो देखें :





