सिमरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: झोपड़ी से 54 किलो गांजा बरामद, पुराना तस्कर गिरफ्तार
रामपुर मठिया में छापेमारी, 2022 में भी 5.2 किलो गांजे के साथ पकड़ा गया था आरोपी; तस्करी नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

न्यूज़ विज़न। बक्सर
सिमरी थाना क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 54 किलो गांजा बरामद किया है। रविवार को रामपुर मठिया स्थित एक झोपड़ी में छापेमारी कर पुलिस ने भारी मात्रा में गांजे की खेप जब्त करने के साथ डुमरी निवासी मनोज कुमार कुँवर को गिरफ्तार किया। इलाके में इतनी बड़ी मात्रा में गांजे की बरामदगी से नशे के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
यह कार्रवाई प्रशिक्षु डीएसपी सह सिमरी थानाध्यक्ष मोनिका कुमारी के पदभार संभालने के बाद नशे के कारोबार के खिलाफ पहली बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। छापेमारी के दौरान सिमरी मजिस्ट्रेट सह आरओ राहुल कुमार भी मौजूद रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को इलाके में अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
गिरफ्तार मनोज कुमार कुँवर का गांजा तस्करी से पुराना संबंध बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, वर्ष 2022 में भी पुलिस ने उसे 5 किलो 200 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया था। पूर्व में गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई के बावजूद कथित तौर पर दोबारा इस अवैध कारोबार में सक्रियता सामने आने से पुलिस के लिए तस्करी नेटवर्क की तह तक पहुंचना चुनौती बन गया है।
रामपुर मठिया में नशे के कारोबार को लेकर पहले से चर्चा
रामपुर मठिया और आसपास के इलाकों में गांजे के अवैध कारोबार को लेकर स्थानीय स्तर पर लंबे समय से चर्चाएं होती रही हैं। ग्रामीणों का दावा है कि इलाके में नशे का कारोबार चोरी-छिपे ही नहीं, बल्कि काफी समय से खुले तौर पर संचालित होता रहा है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। गांजे की इतनी बड़ी खेप मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर पुलिस की निगरानी और सूचना तंत्र को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
शराब तस्करी की भी शिकायतें, पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग
रामपुर मठिया, काजीपुर और खरहाटांड़ समेत आसपास के इलाकों में शराब के अवैध कारोबार की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। ग्रामीणों के अनुसार, डुमरी बाईपास से बाइक के जरिए शराब की खेप विभिन्न इलाकों तक पहुंचाई जाती है। लोगों ने नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने और अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।
एसडीपीओ भास्कर रंजन ने बताया कि छापेमारी में 54 किलो गांजा बरामद किया गया है और एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के साथ उसके तस्करी नेटवर्क की भी जांच कर रही है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इस कार्रवाई के बाद नशे के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों पर भी शिकंजा कसेगा।




