Uncategorized

शराब तस्करों पर आरपीएफ-जीआरपी का बड़ा शिकंजा, कोटा-पटना एक्सप्रेस से 7 तस्कर गिरफ्तार

संयुक्त अभियान में भारी मात्रा में शराब बरामद, उत्पाद अधिनियम के तहत की जा रही कार्रवाई

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) और जीआरपी (सरकारी रेल पुलिस) की संयुक्त टीम ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गाड़ी संख्या 13240 डाउन कोटा-पटना एक्सप्रेस से सात शराब तस्करों को गिरफ्तार किया। तलाशी अभियान के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में शराब बरामद की गई, जिसे जब्त कर लिया गया है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बक्सर रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों में शराब तस्करी की रोकथाम को लेकर आरपीएफ और जीआरपी द्वारा संयुक्त रूप से विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान कोटा-पटना एक्सप्रेस की जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर कुछ यात्रियों की तलाशी ली गई। जांच में उनके सामान से बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई। इसके बाद टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार तस्करों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बरामद शराब की मात्रा एवं उसके स्रोत की भी जांच की जा रही है।

 

आरपीएफ इंस्पेक्टर कुंदन कुमार ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए रेलवे मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि शराब तस्करी के विरुद्ध चलाया जा रहा यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यात्रियों से भी अपील की कि यदि ट्रेन या रेलवे स्टेशन पर किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल रेलवे सुरक्षा बल या जीआरपी को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button