OTHERS

अग्निशमन विभाग की बड़ी पहल: झुग्गी-झोपड़ियों में मॉक ड्रिल, चौसा मेला समेत कई इलाकों में जागरूकता अभियान तेज

डायल 101/112 नंबर का वितरण, जनप्रतिनिधियों व जीविका दीदियों के साथ बैठक; बैनर-पोस्टर, पंपलेट और PA सिस्टम से आग से बचाव का संदेश

न्यूज़ विज़न।  बक्सर
शनिवार को जिला समादेष्टा सह जिला अग्निशमन पदाधिकारी सुबास सिंह के निर्देशानुसार बक्सर जिले में अग्नि सुरक्षा को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी एवं उनकी टीम द्वारा अनुमंडल अग्निशमालय बक्सर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर मॉक ड्रिल और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

 

कार्यक्रम के दौरान झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले लोगों को आग लगने की स्थिति में तत्काल बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अग्नि सुरक्षा को लेकर सामूहिक सहभागिता पर जोर दिया गया। अभियान के तहत चौसा थाना क्षेत्र के चौसा पशु मेला, कृष्णापुरी वार्ड नंबर 4, न्यायीपुर वार्ड नंबर 14 और चुन्नी वार्ड नंबर 10 में बैनर और पोस्टर लगाकर लोगों को जागरूक किया गया। इन स्थानों पर पंपलेट वितरण कर आग से बचाव के उपायों और आपातकालीन स्थिति में किए जाने वाले कदमों की जानकारी दी गई। इसके अलावा कृष्णापुरी, न्यायीपुर और चुन्नी के विभिन्न वार्डों में स्टैंसिल के माध्यम से भी प्रचार-प्रसार किया गया। वहीं चुन्नी पंचायत के मिल्की वार्ड नंबर 7 और पवनी पंचायत के महुआरी वार्ड नंबर 3 में जनप्रतिनिधियों और जीविका दीदियों के साथ बैठक कर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

 

अग्निशमन विभाग द्वारा डायल 101 और 112 जैसे आपातकालीन नंबरों का भी व्यापक रूप से वितरण किया गया, ताकि आपात स्थिति में लोग तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें। इसके साथ ही ग्राम चुन्नी और ग्राम न्यायीपुर में PA सिस्टम के जरिए भी लोगों को जागरूक किया गया। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आगजनी की घटनाओं को रोकना और लोगों को सतर्क एवं जागरूक बनाना है। अग्निशमन विभाग के इस प्रयास से ग्रामीणों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी है और लोगों ने इस पहल की सराहना की है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button