OTHERS

बक्सर के दो साहित्यकारों को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर का प्रतिष्ठित सम्मान, साहित्य जगत में खुशी की लहर

प्रो. अरुण मोहन भारवि और डॉ. वैरागी प्रभाष चतुर्वेदी का जीवनोदय शिक्षा समिति ने किया चयन, दिसंबर में अंतर्राष्ट्रीय सेमिनार के दौरान प्रदान किया जाएगा सम्मान

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
साहित्य, कला, पत्रकारिता और रंगमंच के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाले बक्सर के लिए गौरव की खबर सामने आई है। जिले के दो प्रतिष्ठित साहित्यकारों प्रो. अरुण मोहन भारवि और डॉ. वैरागी प्रभाष चतुर्वेदी को साहित्य एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए जीवनोदय शिक्षा समिति, गाजीपुर की केंद्रीय समिति ने प्रतिष्ठित सम्मानों के लिए चयनित किया है। इस उपलब्धि से बक्सर के साहित्यिक जगत, साहित्य प्रेमियों और भोजपुरी साहित्य मंडल में हर्ष एवं उत्साह का माहौल है।

 

इस संबंध में जीवनोदय शिक्षा समिति, गाजीपुर के केंद्रीय लोक प्रभारी श्री पवन बाबू द्वारा सूचना प्रेषित की गई है। उन्होंने बताया कि संस्था की केंद्रीय समिति ने देशभर में साहित्य, कला, पत्रकारिता और रंगमंच के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित करने की परंपरा के तहत इस वर्ष बक्सर के दोनों साहित्यकारों का चयन किया है। समिति की ओर से डॉ. वैरागी प्रभाष चतुर्वेदी को उनके पत्रकारिता शोध एवं लेखन के क्षेत्र में किए गए विशिष्ट कार्यों के लिए ‘अशोक कुमार अवस्थी सम्मान’ प्रदान किया जाएगा। वहीं, प्रो. अरुण मोहन भारवि को उनके समग्र रचना कर्म एवं साहित्यिक योगदान के लिए ‘रामनाथ पाण्डेय सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा।

 

यह सम्मान समारोह आगामी दिसंबर माह में आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय सेमिनार के अवसर पर संपन्न होगा। इस आयोजन में देश के विभिन्न क्षेत्रों में साहित्य, कला, पत्रकारिता और रंगमंच के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाएगा। जीवनोदय शिक्षा समिति द्वारा प्रदान किए जाने वाले ये सम्मान विभिन्न क्षेत्रों में रचनात्मक एवं बौद्धिक योगदान को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माने जाते हैं।

दोनों साहित्यकारों के चयन की खबर सामने आने के बाद बक्सर के साहित्यिक एवं सांस्कृतिक परिवेश में प्रसन्नता व्यक्त की जा रही है। साहित्य प्रेमियों का मानना है कि यह उपलब्धि केवल दो साहित्यकारों का व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि बक्सर की समृद्ध साहित्यिक परंपरा, भोजपुरी भाषा-साहित्य और यहां की रचनात्मक चेतना का भी सम्मान है।

इस अवसर पर भोजपुरी साहित्य मंडल ने जीवनोदय शिक्षा समिति के निदेशक प्रो. राम नारायण तिवारी एवं केंद्रीय लोक प्रभारी श्री पवन बाबू के प्रति आभार व्यक्त किया है। मंडल की ओर से कहा गया कि बक्सर की साहित्यिक प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिलना पूरे जिले के लिए गौरव की बात है। दो साहित्यकारों का यह चयन बक्सर की साहित्यिक पहचान को नई ऊंचाई देने वाला है। इससे न केवल स्थानीय साहित्यकारों का उत्साह बढ़ेगा, बल्कि भोजपुरी साहित्य और बक्सर की साहित्यिक विरासत को व्यापक स्तर पर पहचान मिलने का मार्ग भी प्रशस्त होगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button