हरपुर में नीतीश कुमार के 21 वर्षों के मुख्यमंत्री कार्यकाल की शुरुआत को याद कर मनाया दीपोत्सव, विधायक संतोष निराला हुए शामिल
सुशासन, विकास और बिहार में ऐतिहासिक परिवर्तन की यात्रा के 21 वर्ष पूरे होने पर कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर मनाया उत्सव

न्यूज़ विज़न। बक्सर
सोमवार को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार के पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के 21 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राजपुर विधानसभा क्षेत्र के हरपुर गांव में दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर राजपुर विधायक संतोष कुमार निराला ने पार्टी के सम्मानित कार्यकर्ताओं एवं साथियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर उत्सव मनाया।
कार्यक्रम के दौरान दीप जलाकर बिहार में सुशासन, विकास, सामाजिक परिवर्तन और नई उम्मीदों के उस दौर को याद किया गया, जिसकी शुरुआत 24 नवंबर 2005 को नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुई थी। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने बिहार की विकास यात्रा और राज्य में हुए ऐतिहासिक बदलावों को उत्सव के रूप में मनाया।
दीपोत्सव को बिहार के सुशासन एवं विकास की गौरवशाली यात्रा का प्रतीक बताते हुए कार्यकर्ताओं ने राज्य को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने के संकल्प को दोहराया। कार्यक्रम के माध्यम से विकसित, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर बिहार के निर्माण में सामूहिक सहभागिता और योगदान का संदेश भी दिया गया। इस अवसर पर विधायक संतोष कुमार निराला के साथ पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों ने बिहार के उज्ज्वल भविष्य और निरंतर विकास की कामना की।




