त्रेता युग से चली आ रही है बक्सर की पंचकोसी परिक्रमा, प्रभु श्रीराम से जुड़ी है पांच पड़ावों की पौराणिक कथा : डॉ रामनाथ ओझा
सिद्धाश्रम की पावन धरती पर महर्षि विश्वामित्र के यज्ञ की रक्षा के बाद श्रीराम और लक्ष्मण ने पांच ऋषियों के आश्रमों का किया था दर्शन, पांच पड़ावों पर अलग-अलग प्रसाद ग्रहण करने की परंपरा आज भी जीवंत

न्यूज़ विज़न। बक्सर
अध्यात्म, आस्था और पौराणिक परंपराओं की समृद्ध विरासत समेटे बक्सर की धरती का धार्मिक महत्व सदियों से देशभर के श्रद्धालुओं के बीच विशेष स्थान रखता है। बक्सर का पौराणिक नाम सिद्धाश्रम रहा है, जिसे 88 हजार ऋषियों की तपोस्थली के रूप में जाना जाता है। इसी पावन भूमि पर त्रेता युग से पंचकोसी परिक्रमा की परंपरा चली आ रही है। यह परिक्रमा सीधे तौर पर मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम और उनके अनुज लक्ष्मण से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं को समेटे हुए है। पंचकोसी परिक्रमा के पौराणिक महत्व और ऐतिहासिक परंपरा पर प्रकाश डालते हुए पंचकोसी परिक्रमा समिति के सचिव डॉ. रामनाथ ओझा ने बताया कि बक्सर की पंचकोसी यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि ऋषि परंपरा, रामायणकालीन स्मृतियों और लोक संस्कृति का अद्भुत संगम है।
डॉ. रामनाथ ओझा के अनुसार, सिद्धाश्रम प्राचीन काल में 88 हजार ऋषियों की तपस्या और साधना का केंद्र रहा है। इसी क्षेत्र में महर्षि विश्वामित्र सहित अनेक ऋषि-मुनि धार्मिक अनुष्ठान और यज्ञ किया करते थे। लेकिन उस समय ताड़का, मारीच और सुबाहु जैसे राक्षसों के आतंक से ऋषियों की तपस्या और यज्ञ बाधित होते थे। जब भी महर्षि विश्वामित्र यज्ञ करते, राक्षस उसमें हड्डियां और मांस डालकर अनुष्ठान को दूषित करने तथा बाधित करने का प्रयास करते थे। इस आतंक से मुक्ति और यज्ञ की रक्षा के उद्देश्य से महर्षि विश्वामित्र अयोध्या पहुंचे और राजा दशरथ से प्रभु श्रीराम तथा लक्ष्मण को अपने साथ सिद्धाश्रम लाने का आग्रह किया।
उन्होंने बताया कि उस समय प्रभु श्रीराम और लक्ष्मण की आयु महज आठ वर्ष के आसपास मानी जाती है। महर्षि विश्वामित्र के साथ बक्सर पहुंचने के बाद दोनों भाइयों ने राक्षसों के आतंक का अंत करने का संकल्प लिया। प्रभु श्रीराम ने ताड़का और सुबाहु का वध किया, जबकि मारीच श्रीराम के बाण के प्रहार से दूर समुद्र पार लंका के तट की ओर जा गिरा। इसके बाद महर्षि विश्वामित्र का यज्ञ निर्विघ्न संपन्न हुआ और ऋषियों को धार्मिक अनुष्ठान करने में राहत मिली।
पांच ऋषियों के आश्रमों से जुड़ी है पंचकोसी परिक्रमा की परंपरा
डॉ. ओझा ने बताया कि राक्षसों के संहार और यज्ञ की सफलता के बाद महर्षि विश्वामित्र के आग्रह पर प्रभु श्रीराम और लक्ष्मण ने सिद्धाश्रम क्षेत्र में तपस्या कर रहे विभिन्न ऋषियों के आश्रमों में जाकर दर्शन किए तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इसी यात्रा से पंचकोसी परिक्रमा के पांच पड़ावों की परंपरा जुड़ी हुई है। इन पांचों पड़ावों पर प्रभु श्रीराम ने अलग-अलग स्थानीय व्यंजनों का भोग ग्रहण किया था, जिसकी स्मृति आज भी पंचकोसी मेले और परिक्रमा के दौरान श्रद्धा के साथ जीवंत रहती है।
पंचकोसी परिक्रमा के पांच पड़ाव और उनसे जुड़ी परंपराएं इस प्रकार हैं:
पहला पड़ाव – अहिरौली: पंचकोसी परिक्रमा का पहला पड़ाव अहिरौली स्थित गौतम ऋषि का आश्रम माना जाता है। यहां प्रभु श्रीराम ने माता अहिल्या का उद्धार किया था। इस पड़ाव पर पुआ-पकवान ग्रहण करने की परंपरा जुड़ी हुई है।
दूसरा पड़ाव – नदांव: दूसरा पड़ाव नदांव है, जहां नारद ऋषि का आश्रम माना जाता है। यहां प्रभु श्रीराम ने ऋषि के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त कर खिचड़ी ग्रहण की थी। इस पड़ाव की धार्मिक मान्यता पंचकोसी यात्रा में विशेष महत्व रखती है।
तीसरा पड़ाव – भभुअर: तीसरा पड़ाव भभुअर स्थित भार्गव ऋषि के आश्रम से जुड़ा है। यहां प्रभु श्रीराम ने चूड़ा-दही ग्रहण किया था। इस पड़ाव पर चूड़ा-दही की परंपरा आज भी पंचकोसी परिक्रमा की सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा है।
चौथा पड़ाव – नुआंव: चौथा पड़ाव नुआंव है, जहां उद्दालक ऋषि का आश्रम माना जाता है। इस स्थान पर प्रभु श्रीराम ने सत्तू और मूली ग्रहण किया था। ग्रामीण जीवन और स्थानीय खान-पान से जुड़ा यह प्रसाद पंचकोसी यात्रा की परंपरा को विशिष्ट बनाता है।
पांचवां पड़ाव – चरित्रवन, बक्सर: पंचकोसी परिक्रमा का अंतिम और पांचवां पड़ाव बक्सर शहर के चरित्रवन स्थित महर्षि विश्वामित्र के आश्रम से जुड़ा है। यहां प्रभु श्रीराम ने लिट्टी-चोखा ग्रहण किया था। लिट्टी-चोखा की परंपरा आज भी बक्सर की पहचान और पंचकोसी परिक्रमा के सांस्कृतिक उत्सव का अभिन्न हिस्सा बनी हुई है।
छठवें दिन बसांव मठ में विश्राम के बाद जनकपुर के लिए हुए थे रवाना
डॉ. रामनाथ ओझा ने बताया कि पांचों आश्रमों में ऋषियों के दर्शन, आशीर्वाद और निर्धारित पड़ावों की यात्रा पूरी करने के बाद प्रभु श्रीराम और लक्ष्मण ने छठवें दिन बसांव मठ स्थित विश्राम सरोवर के समीप रात्रि विश्राम किया था। अगली सुबह दोनों भाई जनकपुर के लिए प्रस्थान कर गए थे। इस प्रसंग को भी पंचकोसी परिक्रमा की पौराणिक परंपरा से जोड़कर देखा जाता है।
उन्होंने कहा कि पंचकोसी परिक्रमा केवल पांच गांवों या पांच आश्रमों की यात्रा नहीं है, बल्कि यह बक्सर की आध्यात्मिक पहचान, ऋषि-मुनियों की तपस्या, प्रभु श्रीराम के आदर्श और सदियों से चली आ रही लोक आस्था का प्रतीक है। इसी धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के कारण पंचकोसी परिक्रमा आज भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण बनी हुई है और इसकी परंपरा पीढ़ी दर पीढ़ी निरंतर आगे बढ़ रही है।




