कैम्ब्रिज स्कूल में अर्द्धवार्षिक परीक्षा के टॉपरों को प्रशस्ति-पत्र व मेडल देकर किया गया सम्मानित
99.38% अंक के साथ श्रेया कुमारी बनी विद्यालय टॉपर, आद्या सिंह दूसरे और पियूष कुमार सिंह तीसरे स्थान पर रहे

न्यूज़ विज़न। बक्सर
कैम्ब्रिज सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बक्सर में विगत अर्द्धवार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने के लिए पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विभिन्न कक्षाओं के टॉपरों को प्रशस्ति-पत्र, मेडल एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों की उपलब्धियों से विद्यालय परिसर में उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और लगन की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के निदेशक डॉ. मोहन चौबे ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनके कठिन परिश्रम, बेहतर समय-प्रबंधन, अनुशासन एवं निरंतर लगन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि परीक्षा में प्राप्त अच्छे अंक केवल उपलब्धि ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की मेहनत और समर्पण का प्रमाण भी हैं। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों से भी सम्मानित बच्चों की सफलता से प्रेरणा लेने और अपने लक्ष्य के प्रति पूरी निष्ठा के साथ प्रयास करने की अपील की। साथ ही सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वहीं, विद्यालय के एक्जीक्यूटिव प्राचार्य श्री बी. एस. राव ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यदि जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर लिया जाए और उसे हासिल करने के लिए लगातार प्रयास किया जाए, तो सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, पढ़ाई में निरंतरता बनाए रखने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्राचार्य श्री मिथिलेश कुमार चौबे ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों की उपलब्धि के पीछे उनकी अथक मेहनत, प्रतिबद्धता के साथ-साथ माता-पिता और शिक्षकों का भी महत्वपूर्ण योगदान होता है। उन्होंने अभिभावकों एवं शिक्षकों की भूमिका की सराहना करते हुए सभी सफल विद्यार्थियों के सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
श्रेया कुमारी बनी विद्यालय टॉपर, 99.38% अंक हासिल किए
अर्द्धवार्षिक परीक्षा के परिणाम में श्रेया कुमारी ने कक्षा पांचवीं से 99.38 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, कक्षा छठवीं की आद्या सिंह ने 98.38 प्रतिशत अंक के साथ विद्यालय में दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि कक्षा नवीं के पियूष कुमार सिंह ने 98.2 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय में तीसरा स्थान प्राप्त किया। इन तीनों उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र, मेडल एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा विभिन्न कक्षाओं के टॉपर विद्यार्थियों को भी उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। सम्मानित विद्यार्थियों में राघव प्रताप, आलिया, समर्थ, अर्श, दिव्या यादव, माहिरा खानम, सुधांशु, आर्यन, वैभव, सत्य-प्रकाश, अरुणिमा, सुभि, प्रेयषी, अखिल राज, साक्षी, काव्या, वैष्णवी, अंकित, एमान खान, प्रणाम शुक्ला, कृष्ण चंद्र, लिपिका, सौम्या, संभव, आलोक, आकृति, ईशव, प्रखर, शिवांगी, सृष्टि, स्पर्श, अर्षिता, नाज़िम, शिवम, आयुष, ईशान, रिचा, सानिया परवीन, विजय लक्ष्मी, श्वेता कश्यप, अभिग्यान्ता, कुमारी अन्वी, हिमांशु एवं आशीष सहित अन्य विद्यार्थी शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के उप-प्राचार्य श्री के. के. ओझा, श्री धर्मवीर दूबे सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। समारोह का संचालन शशिकांत ओझा एवं ओमप्रकाश ने किया।




