कैम्ब्रिज प्रीमियर लीग में टैगोर हाउस बना चैंपियन, आदित्य को मिला मैन ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब
कैम्ब्रिज सीनियर सेकेंडरी स्कूल में अंतर-हाउस क्रिकेट प्रतियोगिता CPL का भव्य आयोजन, रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दिखाया दम

न्यूज़ विज़न। बक्सर
कैम्ब्रिज सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बक्सर के खेल मैदान में कैम्ब्रिज प्रीमियर लीग (CPL) क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया गया। अंतर-हाउस आधार पर आयोजित इस प्रतियोगिता में गांधी हाउस, रमन हाउस, टैगोर हाउस, तानसेन हाउस एवं विश्वामित्र हाउस की टीमों ने हिस्सा लिया। टूर्नामेंट के दौरान विद्यार्थियों ने शानदार बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण का प्रदर्शन करते हुए खेल भावना और प्रतिस्पर्धात्मक उत्साह का परिचय दिया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में टैगोर हाउस ने तानसेन हाउस को 16 रनों से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
टूर्नामेंट के पहले दिन खेले गए मुकाबलों में पहला मैच गांधी हाउस और विश्वामित्र हाउस के बीच हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए विश्वामित्र हाउस ने छह ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 43 रन बनाए। राधाकृष्ण ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 25 रन बनाकर टीम के स्कोर में अहम योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गांधी हाउस की टीम निर्धारित लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी और विश्वामित्र हाउस ने जीत दर्ज की।
दूसरे मुकाबले में रमन हाउस और टैगोर हाउस आमने-सामने हुए। रमन हाउस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह ओवर में 64 रन बनाए, जिसमें रिषभ ने 37 रन की शानदार पारी खेली। जवाब में टैगोर हाउस ने 67 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टैगोर हाउस की ओर से आदित्य ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अकेले 50 रन बनाए। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए राधाकृष्ण और आदित्य को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
दूसरे दिन सेमीफाइनल मुकाबला विश्वामित्र हाउस और तानसेन हाउस के बीच खेला गया। विश्वामित्र हाउस की टीम छह ओवर में 28 रन ही बना सकी। जवाब में तानसेन हाउस ने एक गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया। इस मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए आंशिक को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर तानसेन हाउस ने गेंदबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करते हुए टैगोर हाउस ने छह ओवर में तीन विकेट पर 63 रन बनाए। आदित्य ने 38 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी तानसेन हाउस की टीम 47 रन पर सिमट गई। इस तरह टैगोर हाउस ने 16 रन से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। फाइनल में आंशिक को मैन ऑफ द मैच, टैगोर हाउस के आदित्य को मैन ऑफ द टूर्नामेंट तथा सिद्धांत को सर्वश्रेष्ठ फील्डर का पुरस्कार प्रदान किया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह में विद्यालय निदेशक डॉ. मोहन चौबे, एक्जीक्यूटिव प्राचार्य श्री बी.एस. राव, प्राचार्य श्री एम.के. चौबे, उप-प्राचार्य श्री के.के. ओझा एवं श्री धर्मवीर दुबे ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। प्रतियोगिता में रविकांत राय एवं विकास कुमार चौबे ने अंपायर, संतोष कुमार ओझा ने मैच रेफरी, अनुराग श्रीवास्तव ने कमेंटेटर तथा श्री शशि कांत ओझा ने स्कोरर की भूमिका निभाई। टूर्नामेंट के सफल आयोजन में आयोजन समिति के अश्विनी शर्मा एवं निखिल कुमार का सक्रिय योगदान रहा।




