OTHERS

छठ महापर्व को लेकर नगर परिषद की विशेष पहल, घाटों और डिवाइडरों पर उकेरी जा रही लोक आस्था की खूबसूरत तस्वीरें

रामरेखा घाट, सिद्धनाथ घाट, सती घाट और पीपी रोड के डिवाइडर पर स्वच्छता, पर्यावरण और छठ की थीम पर बनाई जा रही आकर्षक पेंटिंग; शहर को सुंदर बनाने में जुटा नगर परिषद

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर बक्सर शहर को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक स्वरूप देने के लिए नगर परिषद की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। नगर परिषद की सभापति क़मरून निशा एवं कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक के नेतृत्व में शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों को सजाने-संवारने का कार्य युद्ध स्तर पर कराया जा रहा है। इस बार छठ पर्व पर श्रद्धालुओं और बाहर से आने वाले लोगों को बक्सर शहर की एक अलग और खूबसूरत तस्वीर देखने को मिलेगी।

 

इसी कड़ी में शहर के प्रमुख छठ घाटों रामरेखा घाट, सिद्धनाथ घाट एवं सती घाट के साथ-साथ पीपी रोड स्थित डिवाइडर पर आकर्षक पेंटिंग कराई जा रही है। इन चित्रों के माध्यम से स्वच्छता, गंगा की सुंदरता, पर्यावरण संरक्षण और लोक आस्था के महापर्व छठ से जुड़े धार्मिक एवं सांस्कृतिक संदेशों को उकेरा जा रहा है। इस रचनात्मक कार्य की जिम्मेदारी मोनालिसा प्रशिक्षण केंद्र के सचिव विनोद कुमार सिंह को सौंपी गई है। उनके मार्गदर्शन में कलाकारों द्वारा दीवारों और डिवाइडरों को आकर्षक चित्रों से सजाया जा रहा है।

 

पेंटिंग के जरिए जहां शहर की सुंदरता में चार चांद लगाने का प्रयास किया जा रहा है, वहीं आम लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संदेश भी दिया जा रहा है। इस संबंध में सभापति प्रतिनिधि नियामतुल्ला फरीदी ने बताया कि छठ महापर्व को देखते हुए बक्सर को सुंदर और आकर्षक बनाने के लिए हर स्तर पर प्रयास किया जा रहा है। नगर परिषद का उद्देश्य है कि श्रद्धालुओं को बेहतर वातावरण मिले और शहर की सुंदरता के साथ उसकी सांस्कृतिक पहचान भी निखरकर सामने आए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button