बक्सर में पहली बार गंगा के बीच होगा भव्य लेजर शो, छठ महापर्व पर रोशनी और ध्वनि से जीवंत होगी सूर्य उपासना की गाथा
रामरेखा घाट बनेगा मुख्य आकर्षण, वीर कुंवर सिंह चौक से गंगा घाट तक सजेगी विद्युत झालरों की आकर्षक रोशनी; श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाटों पर बैरिकेडिंग अंतिम चरण में

न्यूज़ विज़न। बक्सर
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को यादगार और भव्य बनाने के लिए इस वर्ष बक्सर में विशेष तैयारियां की जा रही हैं। छठ महापर्व के अवसर पर जिले में पहली बार गंगा नदी के बीच अनोखा ‘लाइट एंड साउंड लेजर शो’ आयोजित किया जाएगा। रंग-बिरंगी लेजर किरणों और आकर्षक ध्वनि प्रभावों के माध्यम से भगवान सूर्य की उपासना, छठ पर्व की धार्मिक महत्ता और बक्सर की पौराणिक एवं ऐतिहासिक गरिमा को प्रदर्शित किया जाएगा। यह आयोजन इस वर्ष छठ महापर्व का प्रमुख आकर्षण बनने जा रहा है।
आयोजन की तैयारियों को लेकर गुरुवार को नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक और चेयरमैन प्रतिनिधि नियमतुल्लाह फरीदी समेत कई अधिकारियों ने ऐतिहासिक रामरेखा घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों पर चल रहे साफ-सफाई कार्य, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए जा रहे इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया। साथ ही संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
सभापति कमरून निशा के नेतृत्व में नगर परिषद की ओर से इस बार गंगा घाटों पर विशेष व्यवस्था की जा रही है। चेयरमैन प्रतिनिधि नियमतुल्लाह फरीदी ने बताया कि लेजर लाइट शो का प्रदर्शन सीधे गंगा नदी के बीच से किया जाएगा। इसके जरिए छठ महापर्व की आस्था, भगवान सूर्य की महिमा और बक्सर की धार्मिक विरासत को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा। इससे श्रद्धालुओं को एक अलग और अलौकिक अनुभव मिलेगा।
सरकार के निर्देश पर रामरेखा घाट को आदर्श घाट घोषित किया गया है, हालांकि शहर के सभी प्रमुख घाटों को भी समान रूप से व्यवस्थित किया जा रहा है। वीर कुंवर सिंह चौक पर भव्य तोरण द्वार बनाया जा रहा है। वहीं चौक से रामरेखा घाट तक पूरे मार्ग को विद्युत झालरों से सजाया जा रहा है। बक्सर को उत्तर प्रदेश से जोड़ने वाले मुख्य गंगा पुल को भी आकर्षक रोशनी से जगमग किया गया है।
वहीं, छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रमुख पक्के घाटों पर बैरिकेडिंग का कार्य अंतिम चरण में है। प्रशासन और नगर परिषद का प्रयास है कि महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
वीडियो देखें :




