OTHERS

महावीरी पूजा महोत्सव में गूंजे भक्ति और लोकगीतों के सुर, दुगोला मुकाबले ने बांधा समां

खनिता गांव में लंगड़ा ब्यास और बूढ़ा ब्यास के बीच शानदार मुकाबला, विधायक सरजू राय जी की बहू एवं पूर्व मुखिया निधू राय ने भजन गाकर अतिथियों को किया मंत्रमुग्ध

न्यूज़ विज़न।  बक्सर
इटाढ़ी प्रखंड के खनिता गांव में महावीरी पूजा महोत्सव के अवसर पर भव्य दुगोला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान पारंपरिक लोकगीतों और भजनों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतियोगिता में अरविंद सिंह अभियंता ‘लंगड़ा ब्यास’ और बूढ़ा ब्यास के बीच जोरदार मुकाबला हुआ। दोनों कलाकारों ने अपनी गायकी और शानदार प्रस्तुति से उपस्थित श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया।

 

कार्यक्रम का उद्घाटन राजपुर के पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक श्री संतोष निराला ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर विधायक संतोष निराला ने कहा कि खनिता गांव में यह कार्यक्रम कई वर्षों से आयोजित होता आ रहा है और वे भी कई वर्षों से इस आयोजन में शामिल होते रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम हमारी लोककला और ग्रामीण परंपराओं को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इन आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान बढ़ता है।

 

विधायक सरजू राय जी की बहू एवं पूर्व मुखिया निधू राय ने भजन गाकर किया मंत्रमुग्ध

महावीरी पूजा महोत्सव का विशेष आकर्षण विधायक सरजू राय जी की बहू एवं पूर्व मुखिया निधू राय की भजन प्रस्तुति रही। उन्होंने अपनी मधुर आवाज में भजन गाकर उपस्थित अतिथियों और श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी भक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुति से पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा। उनकी गायकी ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया तथा उपस्थित लोगों की खूब सराहना बटोरी।

ग्रामवासियों की खुशी के लिए समर्पित हूं : संतोष राय

कार्यक्रम के आयोजक एवं मुख्य कर्ताधर्ता श्री संतोष राय ने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजनों से ग्रामवासियों में खुशी और उत्साह का माहौल बनता है। गांव की परंपराओं और लोककलाओं को जीवित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वे ग्रामवासियों की हर खुशी में सहभागी बनने और गांव के लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहने के लिए समर्पित हैं।

आगत अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन

कार्यक्रम के दौरान नीतीश राय, जय प्रकाश राय, प्रवीर रंजन राय, शिव जी पासवान, पप्पू राय एवं अमित कुमार ने आगत अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। सभी ने अतिथियों का सम्मान करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी भूमिका निभाई। महावीरी पूजा महोत्सव के तहत आयोजित इस दुगोला प्रतियोगिता ने खनिता गांव में उत्सव का माहौल बना दिया। धार्मिक आस्था, भक्ति संगीत और पारंपरिक लोकगायन के संगम ने इस आयोजन को यादगार बना दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और संगीत प्रेमियों की उपस्थिति रही।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button