दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा पर अग्निशमन विभाग की नजर, बक्सर में पंडालों का किया निरीक्षण
आग की आपात स्थिति में तत्काल सूचना के लिए 101/112 के साथ 7485805930 और 7485805931 नंबर जारी, आयोजकों को दिए सख्त सुरक्षा निर्देश

न्यूज़ विज़न। बक्सर
दुर्गा पूजा के अवसर पर जिले में बनाए जा रहे पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर अग्निशमन विभाग पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में जिला समादेष्टा-सह-जिला अग्निशमन पदाधिकारी के निर्देशानुसार अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुश्री सुनंदा कुमारी ने अग्निशमन कर्मियों के साथ जिले के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पूजा पंडालों की संरचना, विद्युत व्यवस्था, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, आपातकालीन निकास मार्ग सहित अग्नि सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मानकों की बारीकी से जांच की गई। इस दौरान पूजा समितियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
पंडाल निर्माण में अग्निरोधी सामग्री का करें इस्तेमाल
अग्निशमन विभाग ने निर्देश दिया कि पूजा पंडाल की ऊंचाई कम से कम 3 मीटर रखी जाए। पंडाल निर्माण में यथासंभव अग्निरोधी सामग्री का उपयोग किया जाए तथा सिंथेटिक कपड़े एवं ज्वलनशील रस्सियों के इस्तेमाल से बचा जाए। पंडाल के चारों तरफ कम से कम 4 से 5 मीटर खुला स्थान रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि किसी आपात स्थिति में अग्निशमन वाहन और कर्मियों को पंडाल तक पहुंचने में परेशानी न हो।
बिजली व्यवस्था में लापरवाही से बचने की हिदायत
विभाग ने पूजा समितियों को विद्युत सुरक्षा को लेकर भी विशेष सावधानी बरतने को कहा। पंडाल के नीचे से विद्युत तार नहीं ले जाने तथा सभी तारों को सुरक्षित तरीके से व्यवस्थित करने का निर्देश दिया गया है। पंडाल में लगे स्विच बोर्ड, विद्युत उपकरण और अन्य विद्युत संयोजनों को सुरक्षित रखने तथा शॉर्ट सर्किट से बचाव के लिए उचित व्यवस्था करने को कहा गया।
पर्याप्त प्रवेश और निकास द्वार रखने का निर्देश
पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पर्याप्त संख्या में प्रवेश एवं निकास द्वार बनाने और सभी रास्तों को अवरोधमुक्त रखने का निर्देश दिया गया। आपातकालीन निकास मार्ग स्पष्ट और सुगम रखने को कहा गया, ताकि किसी अप्रिय घटना की स्थिति में श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं शीघ्र बाहर निकाला जा सके।
9 लीटर क्षमता वाले अग्निशमन यंत्र रखने होंगे
अग्निशमन विभाग ने पंडाल परिसर में पर्याप्त संख्या में 9 लीटर क्षमता वाले अग्निशमन यंत्र उपलब्ध रखने का निर्देश दिया है। इन उपकरणों को ऐसी जगह रखने को कहा गया है, जहां जरूरत पड़ने पर उन्हें तत्काल इस्तेमाल किया जा सके। इसके अलावा पूजा पंडाल के पास ड्रम में पानी और बाल्टी में बालू की व्यवस्था रखने को भी कहा गया है। पंडाल के अंदर ज्वलनशील पदार्थों का भंडारण नहीं करने तथा सजावट के दौरान अग्नि सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी गई।
धूम्रपान और खुले अग्नि स्रोत पर रहेगी रोक
विभाग ने पंडाल के अंदर और आसपास धूम्रपान करने तथा खुले अग्नि स्रोत के इस्तेमाल से बचने की अपील की है। साथ ही पूजा पंडाल के आसपास अग्निशमन वाहनों के आवागमन के लिए पर्याप्त जगह खाली रखने का निर्देश दिया गया है।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर दें तत्काल सूचना
अग्निशमन विभाग ने पूजा समितियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आग या आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल डायल 101/112 पर सूचना दें। इसके साथ ही विभाग द्वारा 7485805930 एवं 7485805931 मोबाइल नंबर भी जारी किए गए हैं, जिन पर आपात स्थिति में तत्काल सूचना दी जा सकती है। जिला समादेष्टा-सह-जिला अग्निशमन पदाधिकारी, बक्सर ने पूजा समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से निर्धारित अग्नि सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंडालों में पहुंचते हैं, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अग्निशमन विभाग की ओर से जन-सुरक्षा के उद्देश्य से पूजा पंडालों का निरीक्षण और जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है, ताकि दुर्गा पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अग्नि दुर्घटना को रोका जा सके और श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।




