OTHERS

सेवानिवृत्त प्रधान लिपिक भगवान सिंह के निधन पर के के मंडल महाविद्यालय में शोक सभा, दी गई श्रद्धांजलि

लंबी बीमारी के बाद 12 अक्टूबर को हुआ निधन, महाविद्यालय परिवार ने एक मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए की प्रार्थना

न्यूज़ विज़न। बक्सर
मंगलवार को के के मंडल महिला महाविद्यालय के सभागार में महाविद्यालय के सेवानिवृत्त प्रधान लिपिक श्री भगवान सिंह के निधन पर शोक सभा का आयोजन किया गया। ग्राम तेंदूनी निवासी भगवान सिंह का लंबी बीमारी के बाद 12 अक्टूबर 2026 को निधन हो गया। उनके निधन की सूचना से महाविद्यालय परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

 

शोक सभा की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य अनिल कुमार ने की। इस दौरान उपस्थित महाविद्यालय परिवार के सदस्यों एवं प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों ने दिवंगत भगवान सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने उनकी आत्मा की शांति के लिए एक मिनट का मौन रखा और ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति दें।

 

बताया गया कि श्री भगवान सिंह प्रारंभिक काल से ही क मंडल महिला महाविद्यालय के कार्यालय में प्रधान लिपिक के पद पर कार्यरत रहे थे। उन्होंने अपने लंबे सेवाकाल के दौरान महाविद्यालय के कार्यालय संबंधी कार्यों का पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन किया। वे 20 जनवरी 2016 को प्रधान लिपिक के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। महाविद्यालय के विकास एवं प्रशासनिक कार्यों में उनके योगदान को उपस्थित लोगों ने याद किया और उनके व्यक्तित्व एवं कार्यशैली की सराहना की। शोक सभा में महाविद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. चंदेश्वर नारायण सिंह सहित भुवनेश्वर यादव, इंद्रमणि लाल, प्रोफेसर धीरेंद्र कुमार, रवि शंकर सिंह, बसंती सिंह, मनोरमा कुमारी, विनीता सिंह, मोहम्मद जमील अख्तर, रामप्रवेश सिंह, रंजीत सिंह, सुनील कुमार सिंह, प्रेम नारायण सिंह, प्रमोद कुमार सिंह, रीना मिश्रा समेत महाविद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि भगवान सिंह ने अपने सेवाकाल में जिस ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ महाविद्यालय की सेवा की, उसे लंबे समय तक याद किया जाएगा। उनके निधन से महाविद्यालय ने एक अनुभवी एवं समर्पित कर्मी को खो दिया है। अंत में सभी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button