OTHERS

दुर्गापूजा पर बक्सर में बदलेगा ट्रैफिक रूट, 17 से 21 अक्टूबर तक कई मार्गों पर वाहनों की नो-एंट्री

दोपहर 12 बजे से रात 3 बजे तक रहेगा आंशिक प्रतिबंध, बड़े वाहनों के शहर में प्रवेश पर पूरी तरह रोक; श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग रूट और पार्किंग की व्यवस्था

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
दुर्गापूजा पर्व-2026 के दौरान शहर में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और यातायात के सुगम संचालन को देखते हुए जिला प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। प्रशासन द्वारा जारी निर्देश के अनुसार 17 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से अगले दिन सुबह 3 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध अथवा आंशिक प्रतिबंध रहेगा। वहीं, 17 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से 21 अक्टूबर की रात 12 बजे तक बक्सर शहर में सभी प्रकार के बड़े वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण रोक रहेगी।

 

इन मार्गों पर रहेगा वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित/आंशिक

जिला प्रशासन के निर्देश के अनुसार दुर्गापूजा के दौरान ज्योति चौक से थाना चौक, थाना चौक से नाथ बाबा पुल, पाण्डेयपट्टी रेलवे गुमटी से मठिया मोड़, थाना चौक से रामरेखा घाट, पीपी रोड होते हुए मठिया मोहल्ला पुल तथा मुनीम चौक से जमुना चौक, ठठेरी बाजार होते हुए थाना चौक तक वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध अथवा आंशिक रोक रहेगी। इसी प्रकार सिंडिकेट से जमुना चौक तक केवल दोपहिया वाहनों को प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए इन मार्गों पर विशेष निगरानी और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है।

 

चारपहिया, ई-रिक्शा और ऑटो के लिए निर्धारित रूट

प्रशासन द्वारा चारपहिया वाहनों, ई-रिक्शा एवं ऑटो रिक्शा के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। इसके तहत गोलंबर से बाईपास, ज्योति चौक होते हुए आईटीआई रोड, मठिया मोड़ और दानी कुटिया की ओर वाहनों का परिचालन किया जा सकेगा। वहीं, गोलंबर से ज्योति चौक होते हुए अंबेडकर चौक और इटाढ़ी गुमटी तक भी निर्धारित रूट से वाहनों का परिचालन होगा। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें।

इन स्थानों पर बनाई गई पार्किंग व्यवस्था

दुर्गापूजा के दौरान शहर में आने वाले श्रद्धालुओं और वाहन चालकों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन ने विभिन्न स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की है। सिंडिकेट के पास, डीएवी स्कूल, बुनियादी स्कूल, आईटीआई मैदान, रेलवे स्टेशन के बगल में तथा बाजार समिति में चारपहिया, ऑटो रिक्शा एवं मोटरसाइकिल वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। रेलवे स्टेशन के पास पार्किंग की व्यवस्था समाहरणालय से रेलवे पटरियों की ओर जाने वाली सड़क में दाहिनी ओर की गई है। वहीं, केवल दोपहिया वाहनों के लिए किला मैदान के पीछे पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है।

मरीजों और आपातकालीन वाहनों को नो-एंट्री से छूट

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रोगी, एंबुलेंस एवं अन्य अतिआवश्यक सेवा वाले वाहनों के लिए नो-एंट्री लागू नहीं होगी। ऐसे वाहनों को आवश्यकतानुसार आवागमन की अनुमति दी जाएगी।

रेलवे यात्रियों से टिकट साथ रखने की अपील

दुर्गापूजा के दौरान रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने स्टेशन जाने वाले यात्रियों से विशेष अपील की है कि वे अपने साथ रेलवे टिकट लेकर ही घर से निकलें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें स्टेशन की ओर जाने की अनुमति देने में सुविधा हो।

अनावश्यक चारपहिया वाहन लेकर नहीं निकलने की अपील

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि पर्व के दौरान शहर में अनावश्यक रूप से चारपहिया वाहनों का प्रयोग न करें। भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए लोग जहां संभव हो, पैदल, दोपहिया अथवा निर्धारित सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें और अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें।

प्रशासन का उद्देश्य दुर्गापूजा के दौरान शहर में श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाना, पूजा पंडालों के आसपास जाम की स्थिति को नियंत्रित करना तथा आपातकालीन सेवाओं के वाहनों के लिए रास्ता सुगम बनाए रखना है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक व्यवस्था में सहयोग करें और निर्धारित रूट एवं पार्किंग नियमों का पालन करें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button