पूजा पंडालों में अग्निशमन सुरक्षा को लेकर विभाग सख्त, सुरक्षा इंतजामों का लिया जायजा
आपात स्थिति के लिए अग्निशमन विभाग ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर : 7485805930, 7485805931 — पंडालों में अग्निशमन यंत्र, बालू भरी बाल्टी और पानी के ड्रम रखना अनिवार्य


न्यूज़ विज़न। बक्सर
शारदीय नवरात्र एवं आगामी दुर्गा पूजा को लेकर जिले में पूजा पंडालों की तैयारियों के बीच अग्निशमन विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को अनुमंडल अग्निशामालय पदाधिकारी बक्सर सुनंदा कुमारी के नेतृत्व में अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने अग्निशामालय बक्सर अंतर्गत विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान पूजा समितियों को अगलगी की संभावित घटनाओं से बचाव तथा आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अग्निशमन विभाग की टीम ने पूजा समितियों से कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक अग्निशमन एवं सुरक्षा इंतजाम पहले से ही सुनिश्चित किए जाएं। पूजा पंडालों में आग से बचाव को लेकर क्या करें और क्या न करें, इसकी भी विस्तार से जानकारी पूजा समिति के सदस्यों को दी गई। अग्निशमन विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पूजा पंडाल एवं उसके परिसर में धूम्रपान पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके साथ ही प्रत्येक पंडाल में पर्याप्त संख्या में अग्निशमन यंत्र (Fire Extinguisher), बालू से भरी फायर बकेट तथा पानी से भरे ड्रम उपलब्ध रखना सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में प्रारंभिक स्तर पर आग पर काबू पाया जा सके। विभाग की ओर से यह भी निर्देश दिया गया कि आपात स्थिति में अग्निशमन वाहन को पंडाल तक पहुंचने में किसी प्रकार की बाधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए पंडाल की ऊंचाई कम से कम 3 मीटर तथा घेराव/पहुंच मार्ग की चौड़ाई 40 फीट होना आवश्यक बताया गया।
सुरक्षा के मद्देनजर पंडाल के अंदर खुली मोमबत्ती, दीप अथवा हवन का प्रयोग नहीं करने की हिदायत दी गई। साथ ही विद्युत वायरिंग की भी अच्छी तरह जांच कराने को कहा गया। कटे-फटे, क्षतिग्रस्त अथवा लूज विद्युत तारों को तत्काल ठीक कराने तथा सुरक्षित वायरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश पूजा समितियों को दिया गया। अग्निशमन विभाग ने सभी पूजा पंडाल समितियों को निर्देश दिया कि पंडाल परिसर में अग्निशमन विभाग के मोबाइल नंबर बड़े और स्पष्ट अक्षरों में अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें। आपात स्थिति में तत्काल सहायता के लिए विभाग के मोबाइल नंबर 7485805930 एवं 7485805931 पर संपर्क किया जा सकता है। अग्निशमन विभाग ने पूजा समितियों से अपील की कि वे सुरक्षा संबंधी सभी निर्देशों का गंभीरता से पालन करें, ताकि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और किसी भी संभावित अग्निकांड को समय रहते रोका जा सके।





