ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बक्सर में भाकपा-माले, आइसा और आरवाईए का प्रदर्शन
ज्योति चौक पर पीएम और चुनाव आयोग का पुतला दहन, एसआईआर पर रोक और मतदाता सूची से हटाए गए नामों को तत्काल जोड़ने की मांग


न्यूज़ विज़न। बक्सर
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर शनिवार को बक्सर के ज्योति चौक पर भाकपा-माले, आइसा (AISA) और आरवाईए (RYA) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री और चुनाव आयोग का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की।
पुतला दहन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाकपा-माले नेताओं ने शांतिपूर्ण नागरिक प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस की कार्रवाई की निंदा की। नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों और मताधिकार की रक्षा के लिए उठ रही आवाजों को पुलिसिया कार्रवाई के जरिए दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी के मुद्दे उठाए जाने के बावजूद जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय विपक्षी नेताओं और प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया जा रहा है। नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों और नागरिकों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया।
ज्योति चौक पर जमकर हुई नारेबाजी
पुतला दहन के दौरान कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी पात्र नागरिक का नाम गलत तरीके से नहीं हटाया जाना चाहिए और मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करो”, “एसआईआर पर रोक लगाओ”, “एसआईआर के बाद हुए बिहार, बंगाल सहित तमाम राज्यों का चुनाव रद्द करो” तथा “गलत तरीके से हटाए गए नामों को मतदाता सूची में अविलंब जोड़ा जाए” जैसे नारे लगाए।
वक्ताओं ने कहा कि वोट के अधिकार और लोकतंत्र की रक्षा को लेकर भाकपा-माले, आइसा, आरवाईए तथा नागरिकों का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी और पुलिसिया कार्रवाई लोकतांत्रिक प्रतिरोध की आवाज को रोक नहीं सकती। कार्यक्रम के माध्यम से संगठनों ने नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा, मतदाता सूची में पारदर्शिता तथा कथित वोट चोरी के खिलाफ आंदोलन को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
ये लोग रहे मौजूद
प्रदर्शन में AISA जिला सचिव अखिलेश ठाकुर, अखिल भारतीय खेत मजदूर सभा के जिला अध्यक्ष कन्हैया प्रसाद, भाकपा-माले जिला कमिटी सदस्य संध्या पाल, नथुनी राम, प्रमोद सिंह, संजय सिंह, धनंजय राम, कन्हैया राम, रामशंकर राम, बिहारी राम, मकसदी राम और बहादुर राम, सुनील राम समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।





