OTHERS

बक्सर में बारिश-आंधी का कहर: कई जगह विशाल पेड़ गिरे, सड़कें बाधित; बिजली गुल होने से पानी के लिए मचा हाहाकार

मॉडल थाना से लेकर गोला बाजार और सिविल लाइन तक पेड़ गिरने से आवागमन प्रभावित, कई मोहल्लों में बिजली आपूर्ति बाधित

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
शुक्रवार की देर रात से लगातार हो रही बारिश और तेज आंधी का असर शहर के जनजीवन पर साफ दिखाई दिया। तेज हवा और बारिश के कारण शहर के अलग-अलग इलाकों में कई विशाल पेड़ मुख्य सड़कों पर गिर गए, जिससे कई प्रमुख मार्गों पर आवागमन बाधित हो गया। वहीं, पेड़ों के गिरने और बिजली व्यवस्था प्रभावित होने के कारण नगर क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों में बिजली गुल हो गई। बिजली नहीं रहने से लोगों को पेयजल की समस्या का भी सामना करना पड़ा और कई इलाकों में पानी के लिए हाहाकार जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।

 

बक्सर होटल के सामने सड़क पर गिरा विशाल पेड़

शहर के मॉडल थाना के समीप बक्सर होटल के सामने शुक्रवार की देर रात एक विशाल पेड़ अचानक मुख्य सड़क पर गिर गया। पेड़ के सड़क पर गिरने से इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, उक्त स्थान पर नाला निर्माण के लिए सड़क किनारे गड्ढे खोदे गए थे। लोगों का कहना है कि गड्ढे खोदे जाने के कारण पेड़ की जड़ें कमजोर हो गई थीं, जिसके चलते तेज आंधी और बारिश के दौरान पेड़ धराशायी हो गया। गनीमत रही कि पेड़ देर रात गिरा, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

 

गोला बाजार रोड पर भी पेड़ गिरने से आवागमन बाधित

इसी तरह पुराना थाना स्थित महिला थाना, साइबर थाना एवं अनुसूचित जाति-जनजाति थाना की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर भी एक विशाल पेड़ गोला बाजार रोड पर गिर गया। पेड़ के सड़क पर गिरने से इस मार्ग पर वाहनों और राहगीरों की आवाजाही प्रभावित हुई।

सिविल लाइन-मठिया मोहल्ले में भी गिरा चिलबिली का विशाल पेड़

वहीं, सिविल लाइन-मठिया मोहल्ले में जज आवास के समीप भी चिलबिली का एक विशाल पेड़ गिर गया। पेड़ के सड़क पर गिरने से मोहल्ले में आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। पेड़ गिरने के कारण आसपास की बिजली व्यवस्था भी बाधित बताई जा रही है, जिससे इलाके में बिजली गुल हो गई।

बिजली गुल होने से पेयजल संकट

बारिश और आंधी के बीच शहर के कई मोहल्लों में बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई। बिजली नहीं रहने के कारण घरों में मोटर और अन्य जलापूर्ति उपकरण नहीं चल सके, जिससे लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ा। सुबह से ही कई मोहल्लों में लोग बिजली और पानी की आपूर्ति बहाल होने का इंतजार करते नजर आए। लगातार बारिश और तेज हवा के बीच शहर में कई स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाओं ने नगर क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को प्रभावित किया है। लोगों ने संबंधित विभाग से सड़कों पर गिरे पेड़ों को शीघ्र हटाने तथा बाधित बिजली आपूर्ति को जल्द बहाल करने की मांग की है, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button