OTHERS

दुर्गा पूजा को लेकर अग्निशमन विभाग अलर्ट, पूजा पंडालों का किया अग्नि-सुरक्षा निरीक्षण

विद्युत तारों, अग्निशमन यंत्रों, आपातकालीन निकास और फायर ब्रिगेड के पहुंच मार्ग की हुई जांच, आयोजकों को दिए जरूरी निर्देश

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
आगामी दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से अग्निशमन विभाग, बक्सर द्वारा पूजा पंडालों का अग्नि-सुरक्षा की दृष्टि से भौतिक निरीक्षण शुरू कर दिया गया है। इसी क्रम में अनुमंडल अग्निशमनालय पदाधिकारी बक्सर सुनंदा कुमारी के नेतृत्व में अग्निक चालक कुंदन कुमार, अग्निक हरेराम सिंह, विकास कुमार एवं नेहा कुमारी की टीम ने अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया।

 

निरीक्षण के दौरान पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। टीम ने विशेष रूप से पंडालों में लगाए गए विद्युत तारों एवं कनेक्शनों, विद्युत पैनल तथा शॉर्ट सर्किट से बचाव के उपायों की जांच की। इसके साथ ही अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता एवं उनकी कार्यशीलता, आपातकालीन निकास मार्ग, पंडाल के आसपास पर्याप्त खुला स्थान तथा अग्निशमन वाहनों के आवागमन के लिए उपलब्ध मार्ग का भी निरीक्षण किया गया।

 

अग्निशमन विभाग की टीम ने पूजा समिति के सदस्यों एवं आयोजकों को पंडाल परिसर में अग्नि सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने का निर्देश दिया। आयोजकों से कहा गया कि पंडाल के अंदर या आसपास किसी भी प्रकार की ज्वलनशील सामग्री, खुले विद्युत तार, असुरक्षित कनेक्शन अथवा आग के संभावित स्रोत को न रखा जाए। टीम ने विद्युत सजावट के दौरान गुणवत्तापूर्ण तार एवं विद्युत उपकरणों का ही इस्तेमाल करने तथा विद्युत कनेक्शन को सुरक्षित तरीके से व्यवस्थित करने की सलाह दी। विभाग ने आयोजकों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक अग्निशमन व्यवस्था पहले से सुनिश्चित रखने को कहा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button