OTHERS

एनएच-922 को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण में अनियमितता का आरोप, जांच की मांग को लेकर सड़क पर उतरे लोग

सामाजिक कार्यकर्ता अजय राय के नेतृत्व में लोगों ने जताया आक्रोश, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
डुमरांव शहर से शक्ति द्वार होते हुए जंगलीनाथ शिव जी मार्ग के रास्ते एनएच-922 को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण कार्य में कथित अनियमितता और गुणवत्ता में कमी का आरोप लगाते हुए स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। शुक्रवार को सामाजिक कार्यकर्ता अजय राय के नेतृत्व में स्थानीय लोगों एवं युवाओं ने सड़क पर उतरकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क डुमरांव शहर को एनएच-922 से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों के साथ स्थानीय लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में सड़क का मजबूत एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण होना आवश्यक है। लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का समुचित पालन नहीं किया जा रहा है तथा निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों ने कहा कि यदि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया और निर्माण के दौरान मानकों का पालन नहीं हुआ तो भारी वाहनों के लगातार आवागमन से सड़क के जल्द क्षतिग्रस्त होने की आशंका है। इससे सरकारी राशि खर्च होने के बावजूद लोगों को लंबे समय तक बेहतर सड़क सुविधा का लाभ नहीं मिल पाएगा। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने तथा सड़क निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री के नमूने लेकर उसकी गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है।

 

 निर्माण स्थल पर सूचना बोर्ड नहीं लगाने पर भी सवाल

स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कार्य के दौरान आवश्यक सूचना बोर्ड नहीं लगाए जाने को लेकर भी सवाल उठाया। लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी आम लोगों के लिए निर्माण स्थल पर प्रदर्शित की जानी चाहिए, ताकि लोगों को योजना की लागत, निर्माण एजेंसी, कार्य की अवधि एवं अन्य आवश्यक जानकारी मिल सके। लोगों ने मांग की कि निर्माण स्थल पर नियमानुसार आवश्यक बोर्ड लगाया जाए और सड़क निर्माण से संबंधित सभी महत्वपूर्ण जानकारी सार्वजनिक की जाए।

 एस्टीमेट सार्वजनिक करने की मांग

आक्रोशित लोगों ने सड़क निर्माण के स्वीकृत एस्टीमेट को भी सार्वजनिक करने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क निर्माण में कितनी राशि स्वीकृत हुई है, सड़क की लंबाई एवं चौड़ाई कितनी निर्धारित है, किस गुणवत्ता की सामग्री का इस्तेमाल किया जाना है और निर्माण कार्य की निर्धारित समय-सीमा क्या है, इसकी जानकारी आम लोगों को मिलनी चाहिए। अजय राय ने कहा कि विकास कार्य जनता के पैसे से होते हैं और किसी भी सरकारी निर्माण कार्य में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सड़क का निर्माण मजबूत एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप होना चाहिए, ताकि लोगों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके। उन्होंने संबंधित विभाग से निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच करने तथा एस्टीमेट के अनुरूप कार्य हो रहा है या नहीं, इसकी जांच कराने की मांग की।

 एसडीएम से मिले युवाओं का प्रतिनिधिमंडल

मामले को लेकर अजय राय के नेतृत्व में युवाओं का एक प्रतिनिधिमंडल डुमरांव अनुमंडल पदाधिकारी राजीव कुमार से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम को सैकड़ो लोगों के हस्ताक्षर के साथ ज्ञापन सौंपकर सड़क निर्माण में कथित अनियमितता की जांच कराने की मांग की। ज्ञापन में निर्माण कार्य की गुणवत्ता, इस्तेमाल की जा रही सामग्री, निर्माण प्रक्रिया तथा स्वीकृत एस्टीमेट के अनुरूप कार्य होने की जांच कराने का आग्रह किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि जांच के दौरान सड़क निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री के नमूने लेकर उसकी गुणवत्ता की जांच कराई जाए तथा यदि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों की अनदेखी पाई जाती है तो संबंधित एजेंसी या जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

 जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन

एसडीएम राजीव कुमार ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और मामले में संबंधित पदाधिकारी को जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्माण कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप कराया जाना आवश्यक है। एसडीएम के आश्वासन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि सड़क निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच होगी और यदि कहीं भी अनियमितता पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी विकास कार्य को रोकना नहीं, बल्कि सड़क का गुणवत्तापूर्ण एवं टिकाऊ निर्माण सुनिश्चित कराना है। लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य सही तरीके से होगा तो इसका लाभ डुमरांव शहर सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को लंबे समय तक मिलेगा। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता प्रशांत ठाकुर, लव कुमार, विकास सिंह, दीपक कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button