OTHERS

डुमरांव के लाल ने बढ़ाया जिले का मान: मुरली मनोहर श्रीवास्तव की नई पुस्तक ‘मोदी युग का भारत’ का शिक्षा मंत्री ने किया लोकार्पण

प्रधानमंत्री के 12 वर्षों की सेवा यात्रा का ऐतिहासिक दस्तावेज़

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
डुमरांव के प्रख्यात लेखक मुरली मनोहर श्रीवास्तव ने एक बार फिर साहित्य के क्षेत्र में जिले का नाम रोशन किया है। गुरुवार को पटना के विकास भवन स्थित मदन मोहन सभागार में उनकी नई पुस्तक ‘मोदी युग का भारत’ का भव्य लोकार्पण हुआ। बिहार के शिक्षा मंत्री श्री मिथिलेश तिवारी ने इस पुस्तक का विमोचन करते हुए डुमरांव के इस लाल को उनकी इस शानदार कृति के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। ​इस गौरवमयी अवसर पर शिक्षा विभाग के सचिव श्री राजीव रौशन और प्राथमिक शिक्षा निदेशक श्री कुमार निशांत विवेक सहित कई शिक्षाविद् और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 


पुस्तक की सराहना करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि ‘मोदी युग का भारत’ एक बेहद महत्वपूर्ण कृति है। इसमें प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की पिछले 25 वर्षों की अनवरत सार्वजनिक सेवा, उनके नेतृत्व में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और ऐतिहासिक कार्यों को एक जगह पिरोया गया है। यह पुस्तक लोगों को देश की विकास यात्रा को समझने में मदद करेगी और आगे की राह दिखाने का काम करेगी।

 

​प्रतियोगी छात्रों और शोधार्थियों के लिए भी है उपयोगी
लोकार्पण समारोह में अपने विचार रखते हुए लेखक मुरली मनोहर श्रीवास्तव ने बताया कि यह पुस्तक राजनीतिक और सामाजिक विषयों में रुचि रखने वाले लोगों के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए भी बेहद उपयोगी साबित होगी। पुस्तक में प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन, देशहित में लिए गए निर्णयों और योजनाओं को बेहद सरल भाषा में प्रस्तुत किया गया है। दिल्ली के पैनग्राम पब्लिशर्स द्वारा प्रकाशित यह पुस्तक युवा पीढ़ी, नीति-निर्माताओं और शोधार्थियों के लिए समकालीन भारत को समझने हेतु एक बेहतरीन संग्रहणीय संदर्भ ग्रंथ के रूप में उभरी है।

 

​साहित्य जगत में लगातार परचम लहरा रहे हैं मुरली
गौरतलब है कि मुरली मनोहर श्रीवास्तव इससे पहले भी अपनी लेखनी से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके हैं। डुमरांव की ही माटी से जुड़े भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां की जीवनी के अलावा ‘वीर कुंवर सिंह की प्रेमकथा’, ‘विकास पुरुष’ और ‘वंदेमातरम्’ जैसी उनकी चर्चित कृतियां काफी लोकप्रिय रही हैं। नई पुस्तक के लोकार्पण की खबर जिले में पहुंचते ही डुमरांव सहित पूरे जिले के साहित्यकारों, प्रबुद्धजनों और आम लोगों में हर्ष का माहौल है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button