भगवान विश्वकर्मा की भव्य रथ शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, गाजे-बाजे के साथ नगर भ्रमण में शामिल हुए हजारों श्रद्धालु
लोहार कल्याण समिति के तत्वावधान में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना, पूर्व विधायक मुन्ना तिवारी ने किया विश्वकर्मा रथ का नगर भ्रमण शुभारंभ


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिला मुख्यालय स्थित बड़ी मठिया-रामरेखा घाट क्षेत्र में लोहार कल्याण समिति के तत्वावधान में देवशिल्पी भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना एवं भव्य रथ शोभायात्रा का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। गुरुवार को समिति की ओर से भगवान विश्वकर्मा की पूजा वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ संपन्न कराई गई। पूजा कार्यक्रम की अगुआई समिति के जिला अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार शर्मा ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन कार्यवाहक जिला महासचिव सुदर्शन प्रसाद शर्मा ने किया। पूजा उपासक विष्णु कुमार शर्मा ने धार्मिक विधि-विधान के साथ पूजा संपन्न कराई।
पूजा-अर्चना के बाद शुक्रवार को भगवान विश्वकर्मा के रथ की भव्य नगर भ्रमण शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ पूर्व विधायक मुन्ना तिवारी ने किया। रथ यात्रा में हाथी, घोड़े, ऊंट, चार पहिया वाहन और बड़ी संख्या में बाइक शामिल रहीं। गाजे-बाजे के बीच हजारों श्रद्धालु भगवान विश्वकर्मा के जयकारे लगाते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए। शोभायात्रा पी.पी. रोड से प्रारंभ होकर मुनीम चौक, मेन रोड, सेंडिगेट गोलंबर, चरित्रवन, नया बाजार एवं स्टेशन रोड होते हुए पुनः रामरेखा घाट पहुंची, जहां रथ शोभायात्रा का समापन हुआ। पूरे नगर भ्रमण के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला और जगह-जगह भगवान विश्वकर्मा के जयकारे गूंजते रहे।
रथ यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए नाश्ता और मिठाई की व्यवस्था की गई। विशेष रूप से मनीष कुमार शर्मा, आदित्य ग्लास गोलंबर की ओर से श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्था की गई। इससे शोभायात्रा में शामिल लोगों में उत्साह और बढ़ गया। शोभायात्रा के समापन के बाद भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और भगवान विश्वकर्मा का प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में लोहार कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा एवं प्रदेश संयोजक हिमांशु कुमार शर्मा की उपस्थिति ने शोभायात्रा की शोभा बढ़ाई। इस अवसर पर सुरेश शर्मा, राजेश शर्मा, राजकुमार शर्मा, गोपाल जी शर्मा, राजदेव शर्मा, दिलीप शर्मा, अशोक शर्मा, आनंद शर्मा, गोपाल शर्मा, अवधेश शर्मा, प्रेम शर्मा, श्रीराम शर्मा, परोपकारी शर्मा, प्रमोद शर्मा, भुसावल शर्मा, मिश्रीलाल शर्मा, अवध बिहारी शर्मा, शिवजी शर्मा, कामेश्वर शर्मा, हजारी शर्मा, रमाकांत शर्मा, रमेश शर्मा, मनजीत शर्मा, मंगल शर्मा एवं श्रद्धानंद शर्मा सहित बड़ी संख्या में विश्वकर्मा समाज के लोग मौजूद रहे। समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा की पूजा एवं रथ शोभायात्रा का उद्देश्य समाज में एकजुटता, आपसी भाईचारे और धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करना है। पूरे आयोजन में विश्वकर्मा परिवार के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।





