ACCIDENT

तेज रफ्तार बाइक खड़े ट्रक के नीचे घुसी, दो युवकों की मौत; आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

चौसा-कोचस मुख्य मार्ग पर यादव ढाबा के समीप हुआ भीषण हादसा, बाइक सवार दोनों युवकों ने सदर अस्पताल में तोड़ा दम; घटना के बाद परिजनों में मचा कोहराम

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में रविवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। हादसा चौसा-कोचस मुख्य मार्ग पर अखौरीपुर गोला और कोचाढ़ी के बीच यादव ढाबा के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से के नीचे जा घुसी। दुर्घटना में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

मृतकों की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के कोचाढ़ी गांव निवासी नुनु नट के 22 वर्षीय पुत्र योगा उर्फ बबलू नट तथा उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के सजना-सलारपुर गांव निवासी मुनर नट के 32 वर्षीय पुत्र सुहैल नट के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुहैल नट रिश्तेदारी में अपनी ससुराल आया हुआ था।

 

ट्रक के नीचे जा घुसी बाइक
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक रविवार की शाम बाइक से अखौरीपुर गोला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान यादव ढाबा के समीप उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक समेत दोनों युवक ट्रक के नीचे जा पहुंचे। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

दो मौतों के बाद आक्रोशित हुए ग्रामीण, सड़क जाम
दोनों युवकों की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। पुलिस द्वारा शवों को अस्पताल ले जाने के बाद ग्रामीणों ने चौसा-कोचस मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से मार्ग पर वाहनों का आवागमन प्रभावित हो गया और दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। जाम की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा लोगों से बातचीत कर सड़क जाम समाप्त कराने की कोशिश की जाती रही।

परिजनों में मचा कोहराम
हादसे की खबर मिलते ही दोनों मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम का माहौल है। एक ही सड़क हादसे में दो युवकों की मौत ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस के अनुसार, घटना की जांच की जा रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस द्वारा ग्रामीणों को समझाकर सड़क जाम समाप्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button