ट्रक की टक्कर से गंभीर बाइक सवार सेल्समैन की मौत, चौसा से घर लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा
अखौरीपुर गोला आरओबी के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में मारी सामने से टक्कर; पटना में इलाज के दौरान तोड़ा दम, चालक वाहन लेकर फरार


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर-चौसा-कोचस मार्ग पर अखौरीपुर गोला के समीप रविवार की देर शाम हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार सेल्समैन की सोमवार को पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के करीमुद्दीन थाना क्षेत्र के रजौली गांव निवासी शशिकांत राय के 30 वर्षीय पुत्र अभिनव राय के रूप में हुई है। अभिनव मोबाइल स्क्रीन का ऑर्डर लेने और संबंधित सामग्री पहुंचाने का काम करता था।
ऑर्डर का काम पूरा कर बाइक से लौट रहा था घर
जानकारी के अनुसार, अभिनव रविवार को मोबाइल स्क्रीन का ऑर्डर लेने और सामग्री पहुंचाने के सिलसिले में चौसा क्षेत्र में आया था। दिनभर अपना काम पूरा करने के बाद वह बाइक से वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बक्सर-चौसा-कोचस मार्ग पर अखौरीपुर गोला स्थित आरओबी के समीप सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अभिनव सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल, पटना किया गया रेफर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल अभिनव को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे पटना लेकर गए, जहां इलाज के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई। अभिनव की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना को लेकर पुलिस ने फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा सके और दुर्घटना में शामिल ट्रक की पहचान हो सके। अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना की वास्तविक स्थिति की जानकारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। ट्रक की पहचान कर चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है।





